डेली संवाद, जालंधर। Punjab News: फरीदकोट से सांसद सरबजीत सिंह खालसा की अचानक तबीयत खराब होने की खबर सामने आई है। उन्हें इलाज के लिए जालंधर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते वह बाबा बकाला साहिब में आयोजित होने वाली पंथक कॉन्फ्रेंस में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। जानकारी के अनुसार, सरबजीत सिंह खालसा को रक्खड़ पुन्या के अवसर पर बाबा बकाला साहिब पहुंचना था। वह कार्यक्रम के लिए रवाना भी हुए थे, लेकिन रास्ते में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
अस्पताल में चल रहा ईलाज
इसके बाद उन्हें तत्काल जालंधर के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बाबा बकाला साहिब का रक्खड़ पुन्या मेला धार्मिक महत्व के साथ-साथ पंजाब की राजनीति में भी खास स्थान रखता है। हर साल इस मौके पर प्रमुख राजनीतिक दल अपनी-अपनी कॉन्फ्रेंस आयोजित करते हैं।
इस बार शिरोमणि अकाली दल, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, BJP और अकाली दल ‘वारिस पंजाब दे’ की ओर से भी राजनीतिक कार्यक्रम किए जा रहे हैं। फिलहाल सांसद सरबजीत सिंह खालसा की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।