डेली संवाद, कपूरथला। Punjab News: शिरोमणि अकाली दल ने अनुशासन बनाए रखने के लिए कपूरथला विधानसभा क्षेत्र से जुड़े दो नेताओं हरजीत सिंह वालिया और सुखदेव सिंह उर्फ सुखा कादूपुर के खिलाफ कार्रवाई की है। पार्टी ने दोनों की प्राथमिक सदस्यता समाप्त कर दी है।
अकाली दल के जिला अध्यक्ष दलविंदर सिंह सिद्धू ने बताया कि यह फैसला पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद लिया गया है, जो तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है।
पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल
उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों नेता लंबे समय से पार्टी की गतिविधियों से दूर थे और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल पाए गए। पार्टी ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए यह कदम उठाया है।
दलविंदर सिद्धू ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए हैं और सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों और फैसलों का पालन करना जरूरी है।