डेली संवाद, हरियाणा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक में नारनौल, नारायणगढ़, पानीपत और कुरुक्षेत्र के ड्राफ्ट डेवलपमेंट प्लान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में इन शहरों के भविष्य के विकास को ध्यान में रखते हुए योजनाओं पर मंथन किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शहरी क्षेत्रों के ड्राफ्ट डेवलपमेंट प्लान को विकसित भारत-2047 के विजन के अनुरूप तैयार किया जाएगा। इन योजनाओं में शहरों के सुनियोजित विस्तार और आधुनिक सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा
चारों शहरों में आवासीय क्षेत्रों के विस्तार के साथ-साथ व्यावसायिक, औद्योगिक और अन्य आवश्यक सुविधाओं को बढ़ाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा हुई। सरकार का उद्देश्य शहरों को बेहतर बुनियादी ढांचे, सुविधाओं और व्यवस्थित विकास के साथ आगे बढ़ाना है।
बैठक में अधिकारियों को विकास योजनाओं को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार करने के निर्देश दिए गए, ताकि शहरी क्षेत्रों का संतुलित और टिकाऊ विकास सुनिश्चित किया जा सके।