डेली संवाद, नई दिल्ली। Asian Games 2026: Asian Games 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारतीय टीम ने बुधवार को महिला कंपाउंड टीम इवेंट में चीन को 238-234 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही भारत के एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल की संख्या बढ़कर 7 हो गई है।
महिला कंपाउंड टीम में ज्योति सुरेखा, चिकिता तनिपार्थी और पृथिका प्रदीप शामिल थीं। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन को चार अंकों से मात दी। खास बात यह रही कि पृथिका प्रदीप और ज्योति सुरेखा ने फाइनल में एक भी निशाना नहीं चूका।
भारत ने लगातार दूसरी बार जीता गोल्ड
भारतीय महिला कंपाउंड टीम ने इस इवेंट में लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल जीता है। इससे पहले 2023 एशियन गेम्स में भी भारत ने इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया था।
भारतीय स्टार तीरंदाज ज्योति सुरेखा ने भी एक खास उपलब्धि अपने नाम की है। उन्होंने लगातार चौथे एशियाड में गोल्ड मेडल जीता है। ज्योति इससे पहले 2014, 2018 और 2023 में भी स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।
238 अंक के साथ वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी
भारत ने चीन के खिलाफ फाइनल में 238 अंक हासिल किए। इस स्कोर के साथ भारतीय महिला टीम ने इस स्पर्धा के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। यह रिकॉर्ड इससे पहले दक्षिण कोरिया के नाम था।
मिक्स्ड कंपाउंड इवेंट के फाइनल में भारत
मिक्स्ड कंपाउंड इवेंट में भी भारत के लिए अच्छी खबर आई। चिकिता तनिपार्थी और राजेश जाधव की भारतीय जोड़ी ने सेमीफाइनल में थाईलैंड को कड़े मुकाबले में 156-155 से हराकर फाइनल में जगह बना ली।
अब भारत की नजर इस इवेंट में एक और गोल्ड मेडल पर होगी।
स्क्वॉश में भी भारत का मेडल पक्का
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिलाओं ने स्क्वॉश में भी पदक पक्का कर लिया है। भारतीय टीम ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सिंगापुर को 2-0 से हराया और सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला किस टीम से होगा, यह अभी तय नहीं हुआ है।
महिलाओं ने दिलाए 5 गोल्ड
भारत के अब तक के 7 गोल्ड मेडल में 5 स्वर्ण पदक महिला खिलाड़ियों ने जीते हैं, जबकि बाकी दो गोल्ड पुरुष कबड्डी और मिक्स्ड पिस्टल इवेंट से आए हैं।
एशियन गेम्स के 11वें दिन कुल 24 गोल्ड मेडल दांव पर हैं। फिलहाल भारत के खाते में 7 गोल्ड, 21 सिल्वर और 25 ब्रॉन्ज समेत कुल 53 मेडल हैं और भारत मेडल टैली में 9वें स्थान पर है।