डेली संवाद, पंचकूला। Firing News: हरियाणा के पंचकूला के सेक्टर-11 स्थित ‘अलिफ लैला’ नाइट क्लब में देर रात जमकर हंगामा हुआ। डांस करने पहुंचे तीन पंजाबी युवकों के बीच कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने कथित तौर पर नशे की हालत में पिस्तौल निकालकर दो फायर कर दिए।
फायरिंग के दौरान क्लब में वीडियो शूट करने आई एक लेडी ब्लॉगर घायल हो गई। गोली लगने के अलावा मारपीट के दौरान कांच के गिलास टूटने से उनके टुकड़े भी महिला की गर्दन में जा लगे। घायल महिला को सेक्टर-6 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कहासुनी के बाद शुरू हुआ विवाद
पुलिस (Polcie) के मुताबिक, तीनों युवक क्लब में डांस करने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने नशे की हालत में पिस्तौल से दो गोलियां चला दीं। फायरिंग से क्लब में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे।
लेडी ब्लॉगर की गर्दन में घुसे कांच के टुकड़े
पुलिस को दिए बयान में घायल महिला ने बताया कि वह पिछले करीब दो सप्ताह से अपनी तीन सहेलियों के साथ क्लब में ब्लॉग बनाने का काम कर रही थी। शनिवार रात करीब 11 बजे वह काम के लिए क्लब पहुंची थी।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
महिला के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे वह वॉशरूम से बाहर निकली तो मेन गेट के पास कुछ युवकों में मारपीट चल रही थी। वह डरकर सीढ़ियों के पास रुक गई। इसी दौरान एक युवक ने कांच का गिलास फेंका। गिलास दीवार से टकराकर टूट गया और उसके टुकड़े महिला की गर्दन में जा लगे, जिससे खून निकलने लगा।
सफेद शर्ट पहने युवक ने किए फायर
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह नीचे झुकने लगी, तभी सफेद कमीज पहना एक युवक हाथ में पिस्तौल लेकर क्लब के अंदर आया। आरोप है कि युवक ने क्लब के गेट के ऊपर दो गोलियां चलाईं।
महिला के मुताबिक, एक गोली दीवार से टकराकर उसकी पीठ में गर्दन के ठीक नीचे जा लगी। इसके बाद क्लब के शेफ ने उसकी मदद की और उसे वाहन से अस्पताल पहुंचाया।
भीड़ ने तीनों आरोपियों को पकड़ा
फायरिंग और हंगामे के बाद क्लब में मौजूद लोगों ने तीनों युवकों को पकड़ लिया। पुलिस के पहुंचने से पहले भीड़ ने आरोपियों की पिटाई भी की। सूचना मिलने पर सेक्टर-10 पुलिस चौकी और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों आरोपियों को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान लखबीर सिंह उर्फ लकी, निवासी गांव मट्टरउतार, फिरोजपुर, गुरप्रीत, निवासी गांव बंदीवाला, फिरोजपुर और करन, निवासी गांव जुवाये सिंहवाला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मेडिकल जांच में तीनों के नशे में होने की पुष्टि हुई है। भीड़ की पिटाई में आरोपियों को भी चोटें आई हैं।
क्लब से जिंदा राउंड और खाली खोल बरामद
घटना की सूचना के बाद सीन ऑफ क्राइम की फोरेंसिक टीम ने मौके की जांच की। टीम ने घटनास्थल से एक जिंदा/मिसफायर राउंड, दो खाली खोल, एक चली हुई गोली का हिस्सा और टूटे हुए कांच के टुकड़े बरामद किए हैं।
बताया गया है कि बरामद राउंड पर POF 22 9X19 MM लिखा हुआ था। फोरेंसिक टीम ने बरामद सामान को जांच के लिए कब्जे में ले लिया है।
पहले शिकायत देने को तैयार नहीं थी पीड़िता
घायल लेडी ब्लॉगर ने शुरुआत में पुलिस को शिकायत देने से इनकार कर दिया था। बाद में पुलिस द्वारा समझाने के बाद उसने अपने मंगेतर की मौजूदगी में शिकायत दर्ज करवाई।
हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट में केस
सेक्टर-5 थाना पुलिस ने पीड़िता के बयान और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग में इस्तेमाल हथियार आरोपियों के पास कहां से आया और क्लब में विवाद की असली वजह क्या थी। मामले में आगे की जांच जारी है।