डेली संवाद, ग्रेटर नोएडा/जेवर। Greater Noida Yamuna Expressway Bus Fire: यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। जेवर थाना क्षेत्र में एक स्लीपर बस में भीषण आग लगने से 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस के मुताबिक बस में करीब 35 यात्री सवार थे।
हादसा यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर के पास हुआ। आग लगने के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। धुआं तेजी से फैलने के कारण कई यात्रियों को बाहर निकलने में मुश्किल हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ यात्रियों ने खिड़कियों और दरवाजे से कूदकर अपनी जान बचाई।
आग लगते ही मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, बस दिल्ली से महोबा/महुआ की ओर जा रही थी। रात करीब 11 बजे जेवर क्षेत्र में बस में अचानक आग लग गई।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
चालक ने बस को सड़क किनारे रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद यात्रियों को बाहर निकलने के लिए कहा गया। आग तेजी से फैलने के चलते कई यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए, लेकिन 9 लोग बस के अंदर फंस गए।
दमकल और पुलिस टीम ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और यमुना एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के बाद बस की तलाशी और राहत-बचाव अभियान चलाया गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
बस में आग किस वजह से लगी, इसकी आधिकारिक वजह अभी सामने नहीं आई है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने आग के दौरान पटाखे जैसी आवाजें सुनाई देने की बात कही है, लेकिन आग लगने के कारण की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।