डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर के फुटबॉल चौक में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक सवार डिलीवरी बॉय को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में डिलीवरी बॉय गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों और पुलिस की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के मुताबिक, डिलीवरी बॉय शुक्रवार देर रात अपनी स्पलेंडर बाइक पर बस्ती की तरफ जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई स्विफ्ट कार (PB 08 CP 0511) ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और डिलीवरी बॉय सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद फुटबॉल चौक पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद कार चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया।
लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद थाना डिवीजन नंबर 4 की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए कार चालक को हिरासत में ले लिया।
नशे में होने की बात सामने आई
शुरुआती पूछताछ में कार चालक नशे की हालत में पाया गया। बताया जा रहा है कि वह ठीक से बात करने की स्थिति में भी नहीं था। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है।
पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, घायल डिलीवरी बॉय का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना के समय कार चालक ने कितनी रफ्तार से वाहन चलाया था और उसके खिलाफ किन धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।