Skip to content

Punjab News: चितकारा यूनिवर्सिटी के छात्र सड़कों पर उतरे, दो छात्राओं के गायब होने की खबर से मचा हड़कंप

चितकारा यूनिवर्सिटी में दो छात्राओं के लापता होने और मौत की अफवाह सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शुक्रवार देर रात छात्रों ने प्रदर्शन किया। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मौत की खबर को गलत और अफवाह बताया है।

Punjab News: चितकारा यूनिवर्सिटी के छात्र सड़कों पर उतरे, दो छात्राओं के गायब होने की खबर से मचा हड़कंप
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, पटियाला। Punjab News: पटियाला (Patiala) की चितकारा यूनिवर्सिटी (Chitkara University) में शुक्रवार देर रात उस समय हंगामा हो गया, जब सोशल मीडिया पर दो छात्राओं के लापता होने और मौत की अफवाह वायरल हो गई। 25-26 सितंबर की रात सोशल मीडिया पर चल रही इन खबरों के बाद बड़ी संख्या में छात्र यूनिवर्सिटी परिसर में एकत्र हो गए और प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से पूरे मामले की जानकारी मांगी।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी गुरसेवक सिंह और यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार कर्नल राकेश शर्मा ने छात्रों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया।

दो छात्राओं के लापता होने का दावा

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने दावा किया कि यूनिवर्सिटी की दो छात्राएं लापता हैं। हालांकि, मौके पर मौजूद छात्रों के पास इस संबंध में कोई पक्की जानकारी या पुष्टि नहीं थी। छात्रों ने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जाए और कैंपस में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की जाए।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों ने रात के समय हॉस्टल से कथित तौर पर आवाजें आने और कैंपस में एंबुलेंस की आवाजाही को लेकर भी सवाल उठाए। छात्रों ने इन घटनाओं को लेकर यूनिवर्सिटी प्रशासन से स्पष्ट जानकारी देने की मांग की। इस दौरान पुलिस के साथ छात्रों की बहस भी हुई।

रजिस्ट्रार बोले- मौत की खबर पूरी तरह अफवाह

हंगामे के बीच चितकारा यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार कर्नल राकेश शर्मा मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत की। उन्होंने छात्रों को बताया कि यूनिवर्सिटी कैंपस में दो छात्राओं की मौत जैसी कोई घटना नहीं हुई है।

रजिस्ट्रार ने सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को गलत और अफवाह बताया और छात्रों से बिना पुष्टि के किसी भी जानकारी पर विश्वास नहीं करने की अपील की।

पुलिस ने छात्रों की शिकायत ली

बनूर के DSP सुखदेव सिंह ने बताया कि पुलिस ने छात्रों की शिकायत ले ली है। अब छात्रों से मिली जानकारी और उपलब्ध रिकॉर्ड की जांच की जाएगी। यदि किसी छात्रा के लापता होने की पुष्टि होती है तो पुलिस नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई करेगी।

फिलहाल यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्राओं की मौत से जुड़ी खबरों को गलत बताया है। पुलिस ने छात्रों और अभिभावकों से बिना पुष्टि वाली सोशल मीडिया पोस्ट पर भरोसा न करने की अपील की है। यूनिवर्सिटी कैंपस में फिलहाल स्थिति शांत बताई जा रही है।