डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: लुधियाना (Ludhiana) में चोरों ने मंजू सिनेमा के पास स्थित जंडू टावर में एक ऑफिस को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
बदमाश रेलवे ट्रैक के रास्ते बिल्डिंग में दाखिल हुए और CCTV कैमरों की तारें काटने के बाद एआर इंटरप्राइजेज के ऑफिस का शटर और अलमारी का लॉकर तोड़कर करीब 20 से 25 लाख रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए।
CCTV की तारें काटकर ऑफिस में घुसे
जानकारी के मुताबिक, चोर रात करीब 3 बजे के बाद रेलवे ट्रैक की तरफ से जंडू टावर में दाखिल हुए। उन्होंने सबसे पहले ऑफिस के बाहर लगे CCTV कैमरों की तारें काटीं। इसके बाद एक CCTV कैमरा तोड़कर मौके से हटा दिया। बदमाशों ने एआर इंटरप्राइजेज के ऑफिस के शटर का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर अलमारी के लॉकर को तोड़ दिया।
इसके बाद उसमें रखी लाखों रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद भागते समय चोरों ने बिल्डिंग में स्थित एक अन्य CA के ऑफिस में भी घुसने की कोशिश की। बदमाश दरवाजे का ताला तोड़ने में सफल रहे, लेकिन वहां से कोई सामान चोरी हुआ है या नहीं, इसकी पुलिस जांच कर रही है।
सुबह चपड़ासी ने दी चोरी की जानकारी
एआर इंटरप्राइजेज के मालिक कमल शर्मा ने बताया कि सुबह उनके चपड़ासी ने फोन कर ऑफिस का ताला टूटे होने की जानकारी दी। जब ऑफिस पहुंचकर अंदर देखा गया तो अलमारी के ताले भी टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
कमल शर्मा के मुताबिक, उनकी फर्म शैलर में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की बिक्री और सर्विस का काम करती है। उन्होंने बताया कि ऑफिस में करीब 20 से 25 लाख रुपये की नकदी रखी हुई थी, जिसे चोर चोरी कर ले गए।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए फिंगरप्रिंट
चोरी की सूचना मिलने के बाद मिल्लरगंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया।
फोरेंसिक टीम ने अलमारी, टूटे हुए तालों और अन्य स्थानों से फिंगरप्रिंट समेत जरूरी सबूत जुटाए हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे दूसरे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
चोरों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस रेलवे ट्रैक और आसपास के रास्तों पर लगे कैमरों की फुटेज भी जांच रही है। फिलहाल मिल्लरगंज चौकी पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।