डेली संवाद, अमृतसर। Punjab News: पंजाब के अमृतसर जिले में जमीन के बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। हलका अटारी के मजीठा रोड स्थित गांव पंडोरी वड़ैच में बड़े भाई पर अपने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है।
इस मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के ब्लॉक समिति सदस्य किरणप्रीत सिंह कैमी का नाम सामने आया है। आरोप है कि उसने अपने छोटे भाई सिमरदीप सिंह को सिर और छाती में गोलियां मार दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा था विवाद
जानकारी के मुताबिक, दोनों भाइयों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर 10 नवंबर की सुबह करीब 11:30 बजे दोनों के बीच झगड़ा हो गया। आरोप है कि इस दौरान किरणप्रीत सिंह कैमी ने अपने छोटे भाई सिमरदीप सिंह पर फायरिंग कर दी। उसे दो गोलियां लगीं। एक गोली सिर में और दूसरी छाती के दाईं तरफ लगी।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
गोली लगने से सिमरदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई।
नशे को लेकर विवाद की बात भी आई सामने
मौके पर पहुंचे DSP यादविंदर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद होने की बात सामने आई है। इसके अलावा परिवार में नशे के सेवन और नशा बेचने को लेकर भी विवाद रहने की जानकारी मिली है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
DSP के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक सबूत जुटाए हैं। परिवार के अन्य सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जबकि मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि वारदात के बाद से आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं। मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।