Skip to content

Punjab News: अवैध हथियारों की तस्करी पर शिकंजा, पंजाब में 8 सदस्य पकड़े; 13 पिस्तौल बरामद

पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने आठ व्यक्तियों को 13 अवैध पिस्तौलों और 23 जिंदा कारतूसों सहित गिरफ्तार कर अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले छह नेटवर्कों का पर्दाफाश किया है।

Punjab News: अवैध हथियारों की तस्करी पर शिकंजा, पंजाब में 8 सदस्य पकड़े; 13 पिस्तौल बरामद
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, चंडीगढ़/अमृतस​र। Punjab News: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों पर पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने आठ व्यक्तियों को 13 अवैध पिस्तौलों और 23 जिंदा कारतूसों सहित गिरफ्तार कर अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले छह नेटवर्कों का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने आज यहां दी।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान गुरदीप सिंह उर्फ दीप (24) और धर्मिंदर सिंह उर्फ भिंदा (34), दोनों निवासी गांव रंगड़ (अमृतसर ग्रामीण), अमित (23), निवासी गुरु की वडाली (अमृतसर), हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी नियाणा (26), निवासी नरायणगढ़ (अमृतसर), चमकौर सिंह (30), निवासी गांव वान तारा सिंह (तरनतारन), करनप्रीत सिंह (22), निवासी गांव नूरदी (तरनतारन), गौरव (26), निवासी कटड़ा करम सिंह (अमृतसर) और वरुण कुमार उर्फ विक्की गिल (33), निवासी भाई मंझ सिंह रोड (अमृतसर) के रूप में हुई है।

अवैध हथियार खरीदकर आगे सप्लाई कर रहे थे

बरामद की गई पिस्तौलों में दो .30 बोर जिगाना (तुर्की निर्मित), दो .30 बोर (चीन निर्मित), एक 9 एमएम और आठ .30 बोर की पिस्तौल शामिल हैं। पिस्तौलों की बरामदगी के अलावा पुलिस टीमों ने तस्करी की गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किए जा रहे उनके एक्टिवा स्कूटर को भी जब्त कर लिया है।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी कथित तौर पर विदेशी तस्करों से जुड़े हुए थे और अवैध हथियार खरीदकर आगे सप्लाई कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों और अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क में शामिल अन्य सदस्यों के संबंधों का भी पता लगाया है।

जिंदा कारतूस बरामद

डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाया जा रहा है और मामले में शामिल अन्य सदस्यों का पता लगाने तथा हथियार तस्करी नेटवर्क को निष्क्रिय करने के लिए आगे की जांच की जा रही है। ऑपरेशन संबंधी विवरण साझा करते हुए अमृतसर के पुलिस कमिश्नर (सीपी) हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पुलिस टीमों ने गुरदीप सिंह उर्फ ‘दीप’ और धर्मिंदर सिंह उर्फ ‘भिंदा’ को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से दो पिस्तौल और सात जिंदा कारतूस बरामद किए।

उन्होंने बताया कि तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस टीमों ने आरोपी अमित, हरप्रीत उर्फ ‘हैप्पी’ और चमकौर सिंह को गिरफ्तार किया तथा प्रत्येक के कब्जे से तीन-तीन पिस्तौल सहित जिंदा कारतूस बरामद किए।

FIR दर्ज

एक अन्य कार्रवाई के बारे में बताते हुए सीपी ने कहा कि पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान करनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से एक पिस्तौल सहित छह जिंदा कारतूस बरामद किए। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम ने वरुण कुमार उर्फ ‘विक्की गिल’ और गौरव को भी गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से एक पिस्तौल सहित चार जिंदा कारतूस बरामद किए।

इस संबंध में अमृतसर में छह अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें एफआईआर नंबर 213 (दिनांक 15.09.2026), एफआईआर नंबर 215 (दिनांक 16.09.2026) और एफआईआर नंबर 219 (दिनांक 19.09.2026) शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत थाना छेहरटा में; एफआईआर नंबर 247 (दिनांक 23.08.2026) शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत थाना गेट हकीमा में; एफआईआर नंबर 205 (दिनांक 21.09.2026) शस्त्र अधिनियम की धारा 25(8) के तहत थाना सुल्तानविंड में तथा एफआईआर नंबर 164 (दिनांक 21.09.2026) शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत थाना डी-डिवीजन में दर्ज की गई है।