Skip to content

Bomb Threat: चंडीगढ़ में बम की धमकी के बाद पुलिस अलर्ट, कई सरकारी संस्थान निशाने पर; बम स्क्वायड ने चलाया सर्च ऑपरेशन

चंडीगढ़ में बैंक ऑफ इंडिया को धमकी भरा ईमेल मिला। मेयर ऑफिस, मोहाली एयरपोर्ट और मुल्लांपुर स्टेडियम में बम धमाकों की चेतावनी के बाद पुलिस का सर्च ऑपरेशन।

Bomb Threat: चंडीगढ़ में बम की धमकी के बाद पुलिस अलर्ट, कई सरकारी संस्थान निशाने पर; बम स्क्वायड ने चलाया सर्च ऑपरेशन
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, चंडीगढ़। Bomb Threat: चंडीगढ़ और मोहाली में बम धमाकों की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। बैंक ऑफ इंडिया की चंडीगढ़ ब्रांच को भेजे गए एक धमकी भरे ईमेल में शहर के कई महत्वपूर्ण स्थानों के अलावा मोहाली एयरपोर्ट और मुल्लांपुर स्टेडियम को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है।

ईमेल में चंडीगढ़ के बैंकों, नगर निगम के मेयर ऑफिस और मोहाली एयरपोर्ट पर अलग-अलग समय पर धमाके करने की बात कही गई। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने मोर्चा संभाल लिया।

चंडीगढ़ के बैंक और मेयर ऑफिस को उड़ाने की धमकी

जानकारी के मुताबिक, बैंक ऑफ इंडिया की चंडीगढ़ ब्रांच को मिले ईमेल में चंडीगढ़ के बैंकों और नगर निगम के मेयर ऑफिस में दोपहर 1:11 बजे धमाका करने की धमकी दी गई। वहीं, मोहाली एयरपोर्ट पर रात 9:11 बजे विस्फोट करने की बात लिखी गई।

ईमेल में पंजाब, खालिस्तान और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ का भी जिक्र किया गया। इसके साथ ही कुछ अन्य स्थानों को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है।

मुल्लांपुर स्टेडियम में 12 दिसंबर को IED धमाके की धमकी

धमकी भरे ईमेल में 12 दिसंबर को मुल्लांपुर स्टेडियम में IED धमाका करने की बात भी कही गई है। इसके अलावा पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के आईफोन में विस्फोट करने और उनके आखिरी सफर जैसी धमकी भरी बातें लिखी गई हैं।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

ईमेल में 31 दिसंबर तक एक जलसे में अभिनेता अमिताभ बच्चन की हत्या करने की धमकी का भी उल्लेख किया गया है। इन धमकियों के सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Threat to blow up banks in Chandigarh.jpg

बच्चों को सुरक्षित रखने और दिलजीत के शो में नहीं जाने की चेतावनी

ईमेल में लोगों को अपने बच्चों को सुरक्षित रखने, दिलजीत दोसांझ के शो में नहीं जाने और आईफोन नहीं उठाने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा, ईमेल में 1984 की घटनाओं और सिखों के खिलाफ नारों का जिक्र करते हुए बदला लेने की बात लिखी गई है।

इसमें खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा (परमार-कनाडा) जैसे संगठनों के नाम भी शामिल किए गए हैं। ईमेल में कई व्यक्तियों और स्थानों का भी उल्लेख किया गया है। हालांकि, इन दावों और धमकियों की वास्तविकता की अभी जांच की जा रही है।

पुलिस और बम स्क्वायड ने चलाया सर्च ऑपरेशन

धमकी की सूचना मिलने के बाद चंडीगढ़ पुलिस की टीमें सक्रिय हो गईं। पुलिस और बम स्क्वायड ने बैंक परिसर तथा आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया।

जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस अब धमकी भरा ईमेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने और इसकी गंभीरता का पता लगाने में जुटी है।

पहले भी चंडीगढ़ के कई सरकारी संस्थानों को मिल चुकी हैं धमकियां

गौरतलब है कि चंडीगढ़ में इससे पहले भी कई महत्वपूर्ण सरकारी और सार्वजनिक संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। इनमें पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट, जिला अदालत, पंजाब सचिवालय, पासपोर्ट ऑफिस, सरकारी और निजी स्कूलों के अलावा नगर निगम का मेयर ऑफिस भी शामिल है।

हालांकि, पिछले मामलों में भी तलाशी अभियान के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों के कारण पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।