Skip to content

Punjab News: देर रात गोलियों से दहला इलाका, दुकानदार के घर पर 5 फायर; CCTV में कैद हुए हमलावर

जलालाबाद की शहीद भगत सिंह कॉलोनी में बाइक सवार 4 हमलावरों ने दुकानदार के घर पर 5 राउंड फायरिंग की। वारदात CCTV में कैद, पुलिस जांच में जुटी।

Punjab News: देर रात गोलियों से दहला इलाका, दुकानदार के घर पर 5 फायर; CCTV में कैद हुए हमलावर
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, फाजिल्का। Punjab News: पंजाब के फाजिल्का जिले में गोलीबारी की घटनाओं से दहशत का माहौल है। जलालाबाद की शहीद भगत सिंह कॉलोनी में देर रात दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए चार अज्ञात हमलावरों ने एक दुकानदार के घर पर पांच राउंड फायरिंग कर दी।

हमलावरों ने घर के मुख्य गेट को निशाना बनाया। एक गोली गेट से टकराकर घर के अंदर जा लगी। गनीमत रही कि परिवार का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ। पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।

रात 3:15 बजे गोलियों की आवाज से गूंज उठा इलाका

जानकारी के अनुसार, घटना जलालाबाद की शहीद भगत सिंह कॉलोनी की गली नंबर-1 में रात करीब 3:15 बजे हुई। यहां रहने वाले गुरचरण लाल की कीटनाशक दवाओं की दुकान है। घटना के समय वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। अचानक घर के बाहर गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। हालांकि, शुरुआत में परिवार ने इसे पटाखों की आवाज समझा।

सुबह जब घर के मुख्य गेट पर गोलियों के निशान दिखाई दिए तो परिवार के सदस्य घबरा गए। इसके बाद घर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज चेक की गई। फुटेज में दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक घर के बाहर पहुंचते और फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। हमलावरों ने कुल पांच राउंड गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली गेट को पार करते हुए घर के अंदर जा लगी।

दुकानदार बोला- मेरी किसी से कोई दुश्मनी नहीं

पीड़ित गुरचरण लाल ने बताया कि उनकी किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं है। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर किस वजह से उनके घर को निशाना बनाया गया। देर रात हुई इस घटना के बाद पूरा परिवार दहशत में है। परिवार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी जलालाबाद की पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी मोहित धवन ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है, ताकि मोटरसाइकिलों पर सवार चारों हमलावरों की पहचान की जा सके। आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस फायरिंग के पीछे की वजह का भी पता लगा रही है।

तीन दिन में फाजिल्का जिले में गोलीबारी की तीसरी घटना

गौरतलब है कि फाजिल्का जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं। जलालाबाद में दुकानदार के घर पर हुई फायरिंग को तीन दिन के भीतर तीसरी ऐसी वारदात बताया जा रहा है।

लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं से जिले के कारोबारियों और आम लोगों में डर का माहौल है। लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने पंजाब सरकार पर उठाए सवाल

इस घटना के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष सुखविंदर सिंह काका कम्बोज ने पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने कहा कि जिले में लगातार गोलीबारी की घटनाएं होना गंभीर चिंता का विषय है। पुलिस प्रशासन को सभी मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करना चाहिए।