Skip to content

Punjab News: पुलिस ने नशा तस्करी नेटवर्क का किया भंडाफोड़, 7.1 किलो हेरोइन सहित एक गिरफ्तार

Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper
डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ( Bhagwant Mann ) के निर्देशों के अनुसार पंजाब को नशामुक्त राज्य बनाने के मद्देनज़र चलाए जा रहे अभियान के दौरान सीमा पार के नार्काे-आतंकी नेटवर्कों के विरुद्ध बड़ी सफलता दर्ज करते हुए, अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने मोगा निवासी जगप्रीत सिंह उर्फ जग्गा द्वारा चलाए जा रहे नशा तस्करी सिंडिकेट के मुख्य कार्यकर्ता को 7.1 किलोग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार कर इस नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।

डीजीपी गौरव यादव ने दी जानकारी

यह जानकारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बुधवार को यहां दी। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान यासीन मुहम्मद (22) के रूप में हुई है, जो कि संभल, उत्तर प्रदेश (यू.पी.) के गाँव अटवा का निवासी है और इस समय मोहाली के गाँव लालड़ू में रह रहा था। आरोपी की आपराधिक पृष्टभूमि है और उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, चोरी और स्नैचिंग के मामले दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें: अमेरिका में अवैध आप्रवासियों के खिलाफ बड़े एक्शन की तैयारी, ट्रंप ने की बड़ी घोषणा

डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जगप्रीत सिंह उर्फ जग्गा पाकिस्तान-आधारित तस्करों के संपर्क में था और गिरफ्तार आरोपी यासीन मुहम्मद के साथ मिलकर नेटवर्क चला रहा था। डीजीपी ने कहा कि नेटवर्क के अगले-पिछले संबंधों की गहराई से जांच की जा रही है ताकि पूरे गठजोड़ का पर्दाफाश किया जा सके। ऑपरेशन संबंधी विवरण साझा करते हुए, पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुलिस टीमों को विश्वसनीय सूत्रों से पुख़्ता सूचना मिली थी कि आरोपी जगप्रीत के निर्देशों पर उसका साथी, अजनाला सेक्टर के एक निर्धारित क्षेत्र में, पाक-आधारित तस्करों द्वारा ड्रोन के ज़रिए गिराई गई हेरोइन की खेप प्राप्त कर चुका है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक गुप्त ऑपरेशन चलाया और संदिग्ध यासीन मुहम्मद को छेहरटा के वडाली से उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह हेरोइन की खेप प्राप्त करने के बाद वापस लौट रहा था।