Skip to content

Indore: महिला IAS अधिकारी के फार्म हाउस पर चल रहा था जुआ का अड्डा, पुलिस ने 18 लोगों को पकड़ा; लाखों की नकदी बरामद

Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper
डेली संवाद, इंदौर। Indore Gambling Den Busted News: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के महू क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फार्म हाउस पर चल रहे जुआ अड्डे का भंडाफोड़ किया। मानपुर थाना क्षेत्र के अवलीपुरा गांव स्थित जिस फार्म हाउस पर यह जुआ चल रहा था, वह IAS अधिकारी वंदना वैद्य और उनके पति अम्बरीश वैद्य के नाम पर बताया जा रहा है। वंदना वैद्य वर्तमान में इंदौर वित्त विकास निगम की प्रबंध संचालक (MD) के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस को इस जुआ अड्डे की जानकारी मुखबिर के जरिए मिली थी। सूचना के अनुसार इंदौर (Indore) जिले अवलीपुरा स्थित कोठी निवास फार्म हाउस में बड़े स्तर पर ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेला जा रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी और योजना बनाकर देर रात दबिश दी।

पुलिस ने पीछे से मारा छापा

पुलिस टीम जब फार्म हाउस पहुंची तो मुख्य गेट बाहर से बंद था, लेकिन अंदर से लोगों के बोलने और हलचल की आवाजें आ रही थीं। इसके बाद पुलिस ने फार्म हाउस के पीछे की ओर से अंदर प्रवेश किया। अंदर पहुंचने पर बरामदे में रोशनी के बीच कई लोग ताश के पत्तों पर पैसे लगाकर जुआ खेलते हुए मिले।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

पुलिस ने तुरंत घेराबंदी करते हुए मौके से 18 लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया। हालांकि कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भागने में सफल हो गए। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान कुल पांच आरोपी फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। [caption id="attachment_104859" align="aligncenter" width="1200"] Gambling Racket Busted News Gambling Racket Busted News[/caption]

नकदी और ताश की गड्डी बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकदी और अन्य सामान भी जब्त किया। बरामद नकदी की कुल राशि 13 लाख 67 हजार 971 रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने 52 ताश के पत्ते, 10 नई ताश की गड्डियां, 30 मोबाइल फोन और दो कारें भी जब्त की हैं। जब्त किए गए सामान और नकदी की कुल कीमत करीब 28 लाख 67 हजार 971 रुपए आंकी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिस फार्म हाउस में यह जुआ अड्डा चल रहा था, उसकी देखरेख फिलहाल गांव का ही एक व्यक्ति कर रहा था। इस मामले में फार्म हाउस के उपयोग और वहां जुआ चलाने की अनुमति को लेकर भी जांच की जा रही है।

कोर्ट में पेश किया

कार्रवाई के बाद पकड़े गए सभी 18 आरोपियों को बुधवार दोपहर करीब तीन बजे एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में सुनवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मानपुर थाना प्रभारी लोकेंद्र हीहोर ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अवलीपुरा स्थित फार्म हाउस पर दबिश दी थी। मौके से 18 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया है, जबकि पांच आरोपी फरार हो गए। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।