डेली संवाद, चंडीगढ़।
Punjab News: पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों और रॉयल मलेशिया पुलिस (RMP) के सहयोग से बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स (KZF) से जुड़े दो आतंकियों को गिरफ्तार किया है।
दोनों आरोपियों को इंटेलिजेंस आधारित ऑपरेशन के तहत दिल्ली एयरपोर्ट से पकड़ा गया और बाद में भारत लाया गया। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंबाला निवासी गुरविंदर सिंह और पटियाला निवासी मनजीत सिंह के रूप में हुई है।
मलेशिया से डिपोर्ट करवाया
बता दे कि दोनों को मलेशिया से डिपोर्ट करवाया गया था, जहां वे लंबे समय से KZF के नेटवर्क से जुड़े हुए थे। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी विदेश में बैठकर आतंकी संगठन के लिए फंडिंग और नेटवर्क संचालन का काम कर रहे थे।
वहीं जांच में यह भी सामने आया है कि पंजाब में रेलवे ढांचे, खासकर डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को निशाना बनाने की साजिश में भी इनकी भूमिका रही है। इससे पहले पंजाब में हुए IED ब्लास्ट मामलों की जांच में भी इस मॉड्यूल का खुलासा हुआ था, जिसमें कई आरोपियों की गिरफ्तारी और भारी मात्रा में हथियार व विस्फोटक बरामद किए गए थे।
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों पर विदेशी खातों के जरिए टेरर फंडिंग करने का आरोप है। फिलहाल दोनों आरोपियों को पटियाला कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है।