डेली संवाद, नई दिल्ली/छत्रपति संभाजीनगर।
Cockroach Janata Party Announces Nationwide Protest: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने देशभर में बड़े आंदोलन का ऐलान करते हुए कहा है कि यदि 13 जून तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री अपना इस्तीफा नहीं देते हैं तो वे खुद अलग-अलग राज्यों और शहरों में जाकर प्रदर्शन करेंगे। रविवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी एक वीडियो संदेश में अभिजीत दीपके ने यह घोषणा की।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों और छात्रों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी। दीपके ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 13 जून के बाद भी सरकार कोई कार्रवाई नहीं करती है तो देशभर के छात्र एक बार फिर दिल्ली पहुंचकर शांतिपूर्ण आंदोलन करेंगे।
[caption id="attachment_20093" align="aligncenter" width="1200"]
Cockroach Janata Party[/caption]
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन
गौरतलब है कि 6 जून को कॉकरोच जनता पार्टी ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्रों और युवाओं ने हिस्सा लिया था। अभिजीत दीपके विशेष रूप से अमेरिका से भारत आए हैं और आंदोलन की कमान संभाल रहे हैं। रविवार को वे महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित अपने घर पहुंचे, जहां उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया।
प्रेस वार्ता के दौरान दीपके ने कहा कि पिछले 10-12 वर्षों में देश की राजनीति हिंदू-मुस्लिम जैसे मुद्दों के इर्द-गिर्द घूमती रही है, जबकि युवाओं के रोजगार, शिक्षा और भविष्य जैसे अहम मुद्दों को नजरअंदाज किया गया। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को रोजगार और बेहतर शिक्षा की जरूरत है, न कि केवल राजनीतिक बहसों की।
[caption id="attachment_18439" align="aligncenter" width="1200"]
cockroach-janta-party[/caption]
लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही
इस बीच सोशल मीडिया पर भी कॉकरोच जनता पार्टी की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रदर्शन से पहले 2.21 करोड़ फॉलोअर्स थे, जो 24 घंटे के भीतर बढ़कर 2.27 करोड़ हो गए। वहीं X प्लेटफॉर्म पर पार्टी के करीब 2.70 लाख फॉलोअर्स हैं।
हालांकि राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पार्टी के सामने कई बड़ी चुनौतियां मौजूद हैं। सबसे बड़ी चुनौती सोशल मीडिया समर्थकों को वास्तविक वोटर्स में बदलने की है। जंतर-मंतर पर अपेक्षा से कम भीड़ ने संकेत दिया है कि पार्टी को जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत करना होगा। इसके अलावा पार्टी के पास अनुभवी राजनीतिक कैडर और बूथ स्तर की संरचना का अभाव भी एक बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
एजेंडा तय करना होगा
विशेषज्ञों का कहना है कि सफल आंदोलनों के लिए स्पष्ट और एकमात्र एजेंडा जरूरी होता है। अन्ना हजारे आंदोलन की सफलता के पीछे लोकपाल बिल जैसा स्पष्ट लक्ष्य था, जबकि कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन में रोजगार, भ्रष्टाचार, कर व्यवस्था, पानी संकट और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे कई मुद्दे एक साथ उठाए जा रहे हैं। ऐसे में पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर स्पष्ट नीति और एजेंडा तय करना होगा।
बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत मई 2026 में हुई थी। यह पार्टी उस समय चर्चा में आई जब देश के मुख्य न्यायाधीश द्वारा युवाओं को लेकर दिए गए एक विवादित बयान के बाद अभिजीत दीपके ने आंदोलन शुरू किया। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अभियान चलाया और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर ऑनलाइन याचिका भी शुरू की, जिस पर लाखों लोगों ने समर्थन जताया।