डेली संवाद, पुणे।
Pune Murder Case: महाराष्ट्र के पुणे से सामने आया केतन अग्रवाल हत्याकांड लगातार नए और चौंकाने वाले खुलासों के कारण सुर्खियों में है। शुरुआत में जिसे एक दर्दनाक हादसा माना जा रहा था, अब वह एक सुनियोजित हत्या का मामला बन चुका है। पुलिस ने इस मामले में मृतक केतन अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन बाबूलाल चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को अदालत ने सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, केतन विशाल अग्रवाल पुणे की एक प्रतिष्ठित रियल एस्टेट कंपनी के डायरेक्टर थे। उनकी सगाई इसी वर्ष फरवरी में सिया गोयल से हुई थी और नवंबर में राजस्थान के एक भव्य महल में दोनों की शादी तय थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह रिश्ता इतनी भयावह कहानी में बदल जाएगा।
बाली ट्रिप से शुरू हुआ शक
परिवार के मुताबिक, 6 जून को केतन और सिया इंडोनेशिया के बाली में प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए जाने वाले थे। घर से निकलते समय सभी जरूरी दस्तावेज, पासपोर्ट और विदेशी मुद्रा एक ही पाउच में रखे गए थे। रास्ते में एक फूड मॉल पर रुकने के दौरान सिया ने अपना मोबाइल कार में छूट जाने की बात कहकर अकेले वाहन के पास जाने की बात कही।
जब सभी मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे तो केवल केतन का पासपोर्ट गायब था, जबकि बाकी लोगों के दस्तावेज सुरक्षित थे। पासपोर्ट न होने के कारण केतन यात्रा नहीं कर सका और उसे वापस लौटना पड़ा। मृतक के पिता विशाल अग्रवाल का आरोप है कि यह कोई संयोग नहीं बल्कि एक सुनियोजित साजिश थी, ताकि बाली ट्रिप रद्द हो जाए।
[caption id="attachment_21872" align="aligncenter" width="1200"]
Siya Goyal[/caption]
प्री-बर्थडे सेलिब्रेशन बना मौत का जाल
परिजनों का दावा है कि बाली ट्रिप रद्द होने के बाद सिया ने एक नया प्लान बनाया। 19 जून को उसका जन्मदिन था। आरोप है कि उसने 18 जून को ही प्री-बर्थडे सेलिब्रेशन के नाम पर केतन को पुणे के पास स्थित लोहगढ़ किले चलने के लिए राजी किया। 18 जून की सुबह केतन घर से निकला। कुछ घंटों बाद परिवार को सूचना मिली कि वह लोहगढ़ किले की 400 फीट गहरी खाई में गिर गया है।
शुरुआती जांच में इसे दुर्घटना माना गया। सिया ने पुलिस को बताया कि तेज हवाओं के कारण केतन का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में गिर गया। हालांकि बाद में पुलिस जांच में कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिनसे मामला हादसे से हत्या की ओर मुड़ गया। इसके बाद पुलिस ने सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।
पिता को ऐसे हुआ शक
केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने बताया कि बेटे की मौत के बाद सिया का व्यवहार उन्हें असामान्य लगा। उनका कहना है कि जिस व्यक्ति की शादी कुछ महीनों बाद होने वाली हो और अचानक उसके मंगेतर की मौत हो जाए, ऐसे समय में स्वाभाविक रूप से गहरा दुख दिखाई देता है। लेकिन सिया पूरी तरह सामान्य नजर आ रही थी।
उन्होंने कहा-
उस समय परिवार सदमे में था, इसलिए इस बात पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया। बाद में कई घटनाओं और तथ्यों को जोड़ने पर परिवार को शक हुआ कि यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं है।
मां ने लगाई इंसाफ की गुहार
केतन अग्रवाल की मां ने आरोपियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है। उन्होंने कहा कि सिया ने पूरे परिवार का विश्वास जीत लिया था और किसी को उस पर जरा भी शक नहीं था। सगाई के बाद वह परिवार के साथ शॉपिंग, डिनर और अन्य कार्यक्रमों में शामिल होती थी।
पीड़ित मां का कहना है कि उनके बेटे के साथ विश्वासघात किया गया है और इस मामले में दोषियों को फांसी जैसी सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने पुलिस और न्यायपालिका से निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस अब इस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। मोबाइल रिकॉर्ड, कॉल डिटेल, डिजिटल साक्ष्य और घटनास्थल से जुड़े सबूतों की पड़ताल की जा रही है। जांच एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि हत्या की कथित साजिश कब और कैसे रची गई तथा इसमें और कौन-कौन शामिल हो सकता है।