डेली संवाद, बठिंडा।
Punjab News: पंजाब के बठिंडा जिले के तलवंडी साबो में एक दर्दनाक हादसे में घर की छत गिरने से मां और उसके बेटे की मौत हो गई, जबकि परिवार की दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों घायल बहनों का इलाज एम्स बठिंडा में चल रहा है।
शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि लगातार हुई बारिश के कारण जर्जर मकान की छत कमजोर हो गई थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, नगर परिषद के सीवरेज विभाग में कार्यरत धर्म सिंह उर्फ काला अपने परिवार के साथ रात में घर के कमरे में सो रहे थे। रात करीब 11 बजे अचानक तेज धमाके के साथ कमरे की छत ढह गई।
मां-बेटे की मौके पर मौत
आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला। हादसे में धर्म सिंह की पत्नी वीरपाल कौर (40) और उनके 14 वर्षीय इकलौते बेटे अर्शदीप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
[caption id="attachment_23176" align="aligncenter" width="1200"]
मृतक वीरपाल कौर और बेटा अर्शदीप सिंह[/caption]
वहीं उनकी दोनों बेटियां, सनमप्रीत कौर और खुशप्रीत कौर गंभीर रूप से घायल हैं। सनमप्रीत के पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि खुशप्रीत का हाथ टूट गया है। सनमप्रीत पढ़ाई में बेहद मेधावी छात्रा है और लगातार नौ वर्षों तक अपनी कक्षा में प्रथम स्थान हासिल कर चुकी है। हाल ही में उसने 12वीं की परीक्षा 95 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की थी।
पुलिस के अनुसार, मकान काफी पुराना और जर्जर था। हाल की बारिश के चलते इसकी छत और कमजोर हो गई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।