डेली संवाद, चंडीगढ़/जालंधर।
Punjab Weather News: पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून सक्रिय होने के बावजूद अब तक उम्मीद के मुताबिक बारिश नहीं हुई है। कई इलाकों में लोग गर्मी और उमस से परेशान हैं। हालांकि राज्य के अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है।
इसी बीच लुधियाना में झमाझम बारिश हुई, जबकि पंजाब के कई अन्य जिलों में बादल छाए रहने से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग चंडीगढ़ के अनुसार 5 जुलाई को पंजाब के 12 जिलों में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है।
इन इलाकों में अलर्ट जारी
इनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली शामिल हैं। विभाग ने 8 जुलाई तक पंजाब और चंडीगढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
पिछले 24 घंटों में पंजाब में मानसून कमजोर रहा। राज्य में औसतन केवल 0.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 15.7 मिमी मानी जाती है। इस तरह बारिश सामान्य से करीब 47 प्रतिशत कम रही। लुधियाना में सबसे अधिक 1 मिमी बारिश दर्ज की गई। होशियारपुर में 0.3 मिमी, रूपनगर में 0.2 मिमी और बठिंडा में 0.1 मिमी बारिश हुई। अमृतसर, जालंधर और पटियाला सहित अधिकांश जिलों में बारिश नहीं दर्ज की गई।
पंजाब में बारिश
जून महीने में भी पंजाब में बारिश की भारी कमी देखने को मिली। 1 जून से 1 जुलाई के बीच राज्य में कुल 30.8 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य औसत 58.1 मिमी है। यानी पंजाब में जून के दौरान सामान्य से 47 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार, 5 जुलाई के बाद हिमाचल प्रदेश और उत्तर हरियाणा से लगते पंजाब के जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। इससे तापमान में गिरावट आएगी और मौसम सुहावना होगा। यह बारिश खेती के लिए भी फायदेमंद मानी जा रही है।
सावधानी बरतने की सलाह
6, 7 और 8 जुलाई को जालंधर, लुधियाना, अमृतसर, कपूरथला, होशियारपुर, पठानकोट, मोहाली, पटियाला, संगरूर, बठिंडा, मोगा, फाजिल्का, फिरोजपुर और अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। लोगों को आंधी-तूफान और बारिश के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।