Skip to content

Jharkhand News: पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, प्रिंस खान गैंग का सक्रिय गैंगस्टर घायल

Encounter
Encounter
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper
डेली संवाद, रामगढ़। Jharkhand News: झारखंड के रामगढ़ जिले के भुरकुंडा क्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह घटना भुरकुंडा रिवर साइड स्थित केंद्रीय विद्यालय के पास हुई, जहां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। मुठभेड़ में प्रिंस खान गैंग का सक्रिय सदस्य बताए जा रहे शिवराज राम उर्फ शिवा को गोली लगी है। उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि शिवराज राम उर्फ शिवा किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने टीम गठित की और इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। केंद्रीय विद्यालय के पास संदिग्ध की मौजूदगी की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने उसे पकड़ने का प्रयास किया।

शिवराज राम ने भागने की कोशिश की

बताया जा रहा है कि खुद को पुलिस से घिरा देख शिवराज राम ने भागने की कोशिश की। इस दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अपराधी की गोलीबारी के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की फायरिंग में शिवराज राम घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

घायल आरोपी की हालत गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टरों की टीम उसकी निगरानी कर रही है। पुलिस अब शिवराज राम के आपराधिक रिकॉर्ड, उसके गैंग कनेक्शन और उसके पास मौजूद हथियारों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था।

इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई

प्रिंस खान गैंग का नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आता रहा है। पुलिस मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और गैंग से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस घटना के बाद भुरकुंडा क्षेत्र में लोगों के बीच दहशत का माहौल है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।