डेली संवाद, पुरी।
Sambit Patra WhatsApp Account Hack: पुरी से भाजपा सांसद संबित पात्रा (Sambit Patra) के व्हाट्सएप अकाउंट (WhatsApp Account) के कथित तौर पर हैक होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हैकर ने सांसद के अकाउंट का दुरुपयोग करते हुए उनके दोस्तों, परिचितों और समर्थकों को मैसेज भेजकर आर्थिक मदद मांगी। इस घटना के बाद साइबर ठगी को लेकर एक बार फिर सतर्क रहने की जरूरत महसूस की जा रही है।
मामले का खुलासा रविवार को हुआ, जब बिहार के वरिष्ठ पत्रकार और यूट्यूबर अजीत अंजुम (Ajit Anjum) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा कर इसकी जानकारी दी। अजीत अंजुम के अनुसार, उन्हें दोपहर के समय संबित पात्रा के व्हाट्सएप नंबर से एक संदेश मिला, जिसमें लिखा था, “हैलो, मुझे थोड़ी मदद चाहिए।”
संबित पात्रा से कोई बातचीत नहीं
उन्होंने बताया कि यह मैसेज देखकर उन्हें हैरानी हुई, क्योंकि पिछले करीब पांच से सात वर्षों से उनकी संबित पात्रा से कोई बातचीत नहीं हुई थी। शक होने पर उन्होंने व्हाट्सएप कॉल के जरिए संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला।
इसके बाद उसी नंबर से एक क्यूआर कोड भेजा गया और 65 हजार रुपये ट्रांसफर करने का अनुरोध किया गया। अजीत अंजुम ने कहा कि क्यूआर कोड और पैसे की मांग के बाद उन्हें आशंका हुई कि संबित पात्रा का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया गया है और हैकर उनके संपर्कों को मैसेज भेजकर ठगी की कोशिश कर रहा है।
व्हाट्सएप चैट का स्क्रीनशॉट
अंजुम ने अपनी X पोस्ट के साथ कथित व्हाट्सएप चैट का स्क्रीनशॉट भी साझा किया है। समाचार लिखे जाने तक भाजपा सांसद संबित पात्रा की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि किसी परिचित, रिश्तेदार या सार्वजनिक व्यक्ति के नाम से पैसे मांगने वाला मैसेज मिलने पर बिना पुष्टि के भुगतान नहीं करना चाहिए। फोन कॉल, वीडियो कॉल या किसी अन्य विश्वसनीय माध्यम से संबंधित व्यक्ति की पहचान की पुष्टि करने के बाद ही कोई वित्तीय लेनदेन करें।