Skip to content

Punjab News: जालंधर में 28-29 अगस्त को होगा ‘हमारे राम’ नाटक का मंचन, आशुतोष राणा देंगे प्रस्तुति - दीपक बाली

जालंधर के सीटी इंस्टीट्यूट शाहपुर कैंपस में 28 और 29 अगस्त को प्रसिद्ध नाटक ‘हमारे राम’ का मंचन होगा। अभिनेता आशुतोष राणा अपनी टीम के साथ भगवान राम के जीवन, मूल्यों और दर्शन पर आधारित प्रस्तुति देंगे।

Punjab News: जालंधर में 28-29 अगस्त को होगा ‘हमारे राम’ नाटक का मंचन, आशुतोष राणा देंगे प्रस्तुति - दीपक बाली
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, जालंधर/चंडीगढ़। Punjab News: जालंधर के सी.टी. इंस्टीट्यूट, शाहपुर कैंपस में 28 और 29 अगस्त को प्रसिद्ध नाटक ‘हमारे राम’ का मंचन किया जाएगा। प्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा अपनी टीम के साथ भगवान राम के जीवन, मूल्यों और दर्शन पर आधारित इस नाटक की प्रस्तुति देंगे। दोनों दिनों में प्रतिदिन दो-दो शो आयोजित किए जाएंगे।

पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी एवं रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत और पंजाब संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के सलाहकार दीपक बाली ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह जानकारी दी।

धार्मिक सद्भावना और आध्यात्मिक विरासत पर जोर

मोहिंदर भगत और दीपक बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार सभी धर्मों के सम्मान और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में सनातन धर्म के आध्यात्मिक संदेश और मूल्यों को लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हमारे राम’ नाटक का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भगवान राम का जीवन, उनका सरल व्यक्तित्व, मर्यादा और धार्मिकता आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। नाटक के जरिए विशेष रूप से युवा पीढ़ी को भगवान राम के जीवन और दर्शन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

28 और 29 अगस्त को होंगे चार शो

दीपक बाली ने बताया कि सी.टी. इंस्टीट्यूट, शाहपुर कैंपस में 28 और 29 अगस्त को प्रतिदिन दो शो होंगे। उन्होंने जालंधर और आसपास के लोगों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर प्रस्तुति देखने की अपील की।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जालंधर के मेयर और नार्थ हलके के इंचार्ज वनीत धीर, विधानसभा सेंट्रल हलके के प्रभारी नितिन कोहली, राजविंदर कौर थियाड़ा, जिला ट्रेडर्स कमिशन के चेयरमैन इंद्रवंश सिंह चड्ढा, वरिष्ठ नेता पूजा सिंह सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

सनातन परंपराओं को बढ़ावा देने का दावा

मोहिंदर भगत और दीपक बाली ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा सनातन धर्म से जुड़ी मान्यताओं और पारंपरिक परंपराओं को प्रोत्साहित करने के लिए कई पहल की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ कार्यक्रम को भी प्रदेशवासियों का भरपूर समर्थन मिला है।

उन्होंने पटियाला में करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से काली माता मंदिर के विकास कार्यों और अमृतसर स्थित राम तीर्थ में माता सीता एवं लव-कुश मंदिर के निर्माण के प्रस्ताव का भी उल्लेख किया।

सभी धर्मों के संतों-महापुरुषों का सम्मान

दोनों नेताओं ने कहा कि पंजाब सरकार सभी धर्मों के संतों और महापुरुषों का सम्मान करती है। उन्होंने श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत शताब्दी के सफल आयोजन और श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को पूरे वर्ष बड़े स्तर पर मनाए जाने की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार द्वारा पहली बार भगवान परशुराम जयंती भी राज्य स्तर पर मनाई गई है। दोनों नेताओं ने लोगों से अपील की कि जालंधर में होने वाले ‘हमारे राम’ नाटक को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हों।