डेली संवाद, हरियाणा। Haryana News: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हरियाणा के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी बड़ी पहल शुरू होने जा रही है। राज्य में आज से पांच अमृत फार्मेसियां आम लोगों के लिए शुरू की जाएंगी। इन फार्मेसियों का उद्देश्य लोगों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना है।
सरकार के अनुसार, नई अमृत फार्मेसियां फतेहाबाद, हांसी, सिरसा, चरखी दादरी और हिसार में शुरू होंगी। यहां मरीजों और उनके परिवारों को बाजार की तुलना में कम कीमत पर दवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
इस पहल से खासतौर पर उन परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिनका इलाज और दवाइयों पर हर महीने काफी खर्च होता है। कम कीमत पर दवाएं उपलब्ध होने से लोगों के आउट-ऑफ-पॉकेट हेल्थ एक्सपेंडिचर यानी इलाज के दौरान अपनी जेब से होने वाले खर्च को कम करने में मदद मिलेगी।