Skip to content

Kolkata Fire: पांच मंजिला होटल बिल्डिंग में भीषण आग, 9 की मौत; 4 साल के बच्चे समेत 2 महिलाएं शामिल

कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित पांच मंजिला इमारत में मंगलवार रात भीषण आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 4 साल का बच्चा और 2 महिलाएं शामिल हैं। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

Kolkata Fire: पांच मंजिला होटल बिल्डिंग में भीषण आग, 9 की मौत; 4 साल के बच्चे समेत 2 महिलाएं शामिल
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, कोलकाता। Kolkata Fire: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक दर्दनाक हादसा हो गया। मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इमारत के अंदर कई होटल संचालित हो रहे थे और हादसे के वक्त ज्यादातर लोग सो रहे थे। आग और घने धुएं के कारण दम घुटने से 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 2 महिलाएं और एक 4 साल का बच्चा भी शामिल है।

दमकल और राहत-बचाव टीमों ने अब तक करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, जबकि 6 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी मृतक बेहोशी की हालत में मिले थे। मृतकों में भारतीय और बांग्लादेशी नागरिकों के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस फिलहाल मृतकों की पहचान करने में जुटी है और अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

घने धुएं से बिगड़े हालात

आग की सूचना मिलते ही दमकल की 5 गाड़ियां, पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीमें मौके पर पहुंचीं। इमारत में घना धुआं भर जाने के कारण दमकलकर्मियों को ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन इमारत के अंदर तापमान काफी अधिक होने के कारण कूलिंग ऑपरेशन जारी है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

पश्चिम बंगाल के फायर डिपार्टमेंट मंत्री कौशिक चौधरी ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने शुरुआती जांच के आधार पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई है। हालांकि, आग की वास्तविक वजह फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

मंत्री ने इमारत के अंदर की व्यवस्था पर हैरानी जताते हुए कहा कि यहां कई होटल चल रहे थे और सुरक्षा एवं निर्माण से जुड़े बुनियादी नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। होटल संचालन में भी कई अनियमितताओं की शिकायत सामने आई है।

बिल्डिंग मालिक फरार

पुलिस के मुताबिक इमारत का मालिक फिलहाल फरार है। न्यू मार्केट थाने में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मालिक की तलाश में उसके घर समेत कई संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस आग लगने की वजह के साथ-साथ इमारत में फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन और होटल संचालन में कथित अनियमितताओं की भी जांच कर रही है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दो दिन पहले बीरभूम के होटल में भी हुआ था हादसा

गौरतलब है कि दो दिन पहले यानी 17 अगस्त को पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में तारापीठ मंदिर के पास एक होटल में आग लग गई थी। उस हादसे में 9 लोगों की मौत हुई थी और 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। वहां भी शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई थी।

लगातार सामने आ रहे होटल और इमारतों में आग के इन हादसों ने एक बार फिर फायर सेफ्टी, भवन नियमों और होटल संचालन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।