डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब स्टेट मिनिस्ट्रियल सर्विसेज यूनियन (PSMSU) की जिला इकाई जालंधर की ओर से बुधवार को डीसी कार्यालय परिसर में ईटीटी (ETT) शिक्षा विभाग के नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारियों की लंबित मांगों, संगठन को मजबूत बनाने और आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान ईटीटी शिक्षा विभाग के कई नेता और कार्यकर्ता PSMSU में शामिल हुए। जिला इकाई की ओर से उनका स्वागत किया गया। इस मौके पर संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन की मजबूती बेहद जरूरी है और सभी कर्मचारियों को एकजुट होकर संघर्ष को आगे बढ़ाना चाहिए।
नेताओं ने भरोसा दिलाया
बैठक में ईटीटी विभाग के नेताओं ने भरोसा दिलाया कि वे अपने साथियों के साथ 7 अगस्त को चंडीगढ़-मोहाली में आयोजित होने वाली महा रैली में बड़ी संख्या में शामिल होकर आंदोलन को मजबूत करेंगे।
इस अवसर पर PSMSU जिला जालंधर के अध्यक्ष तेजिंदर सिंह नंगल, महासचिव विनोद सागर, उपाध्यक्ष सुखविंदर सिंह निझर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रणजीत सिंह, राज्य समिति सदस्य शिवराज सिंह, ईटीटी जिला अध्यक्ष केवल सिंह हुंदल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजमेर सिंह, जिला कोषाध्यक्ष अशोक कुमार, जिला महासचिव जगजीत सिंह सहित विभिन्न ब्लॉकों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील
बैठक के अंत में नेताओं ने सभी कर्मचारियों से संगठन को मजबूत करने, आपसी एकता बनाए रखने और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए संयुक्त संघर्षों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।