डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: पंजाब सरकार के स्थानीय निकाय विभाग ने नगर निगम कैडर में पदोन्नति से जुड़ा अहम आदेश जारी किया है। विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की 2 जुलाई 2026 को हुई बैठक के बाद पांच अधिकारियों को म्यूनिसिपल टाउन प्लानर के पद से STP के पद पर पदोन्नत किया गया है।
सरकारी आदेश के अनुसार पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों में MTP लखवीर सिंह, MTP मेहरबान सिंह, MTP नरेश कुमार, MTP सुरिंदर सिंह बिंदरा और नीरज भट्टी शामिल हैं। इनमें लखवीर सिंह की पदोन्नति अनुसूचित जाति वर्ग के बैकलॉग के तहत की गई है, जबकि अन्य अधिकारियों के मामलों में सीनियरिटी-कम-मेरिट के आधार पर पदोन्नति का उल्लेख किया गया है।

इसके अलावा सबसे सीनियर MTP इक़बालप्रीत सिंह रंधावा और MTP नरिंदर शर्मा को प्रमोशन STP पद पर किया है, लेकिन केस लंबित होने के कारण इनका ऑर्डर लिफाफा बंद है।
विभाग ने बताया कि पदोन्नति प्रक्रिया के दौरान पंजाब सरकार की ओर से 15 मई 2026 को जारी नियमों और म्यूनिसिपल टाउन प्लानर की वरिष्ठता सूची को आधार बनाया गया। संबंधित अधिकारियों की वरिष्ठता और पात्रता की जांच के बाद डीपीसी ने मामलों पर विचार किया।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि पदोन्नत अधिकारियों की नई नियुक्ति/पदोन्नति के बाद उनकी सेवा शर्तें विभागीय नियमों के अनुसार लागू होंगी। अधिकारियों को अलग-अलग कैडर में तैनाती और कार्यभार संभालने से संबंधित प्रक्रिया विभागीय स्तर पर पूरी की जाएगी।
पंजाब सरकार के इस फैसले से नगर निगमों में टाउन प्लानिंग से जुड़े कामकाज को और व्यवस्थित करने की उम्मीद है।