डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: पंजाब सरकार के विभिन्न विभागों के कर्मचारी, शिक्षक और अन्य सरकारी मुलाजिम आज सामूहिक अवकाश लेकर चंडीगढ़ के सेक्टर-39 में आयोजित महारैली में शामिल हुए। कर्मचारियों की बड़ी संख्या में मौजूदगी के चलते कई सरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित रहा।
छात्रों को पहले ही दी थी सूचना
कर्मचारी और शिक्षक संगठनों की ओर से पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने और लंबित महंगाई भत्ते (DA) के भुगतान की मांग को लेकर यह प्रदर्शन किया जा रहा है। शिक्षकों ने रैली में भाग लेने के लिए छात्रों को पहले ही स्कूल नहीं आने की सूचना दे दी थी।
रैली को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। प्रदर्शन स्थल के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने कहा है कि कर्मचारियों को तय स्थान पर रैली करने की अनुमति है, लेकिन अगर प्रदर्शनकारी रैली के बाद आगे बढ़ने या किसी अन्य जगह जाने की कोशिश करते हैं तो उन्हें रोक दिया जाएगा।
स्कीम लागू करने का दिया था आश्वासन
कर्मचारी संगठनों का कहना है कि पंजाब सरकार ने ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने का आश्वासन दिया था और इससे संबंधित अधिसूचना भी जारी की गई थी, लेकिन इसके बावजूद अब तक योजना को लागू नहीं किया गया है। इसी मुद्दे को लेकर कर्मचारी लंबे समय से सरकार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।
संगठनों ने सभी विभागों के प्रमुखों और स्कूल प्रिंसिपलों को सामूहिक छुट्टी की जानकारी पहले ही दे दी थी। रैली में पंजाब के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में कर्मचारी और शिक्षक पहुंचे हैं।