Skip to content

Jalandhar News: स्ट्रीट लाइटों की समस्या से परेशान सूर्या एन्क्लेव के लोग, पूर्व विधायक ने मौके पर पहुंचकर सुनी समस्याएं

लोगों ने प्रशासन और नगर निगम से जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइटें ठीक करवाकर दोबारा लगाने की मांग की है। समस्या का जायजा लेने के लिए आज पूर्व विधायक राजिंदर बेरी मौके पर पहुंचे।

Jalandhar News: स्ट्रीट लाइटों की समस्या से परेशान सूर्या एन्क्लेव के लोग, पूर्व विधायक ने मौके पर पहुंचकर सुनी समस्याएं
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर के सूर्या एन्क्लेव कॉलोनी के निवासी पिछले करीब एक साल से स्ट्रीट लाइटों की समस्या से परेशान हैं। कॉलोनीवासियों के अनुसार, नगर निगम का ठेकेदार करीब एक साल पहले स्ट्रीट लाइटों को मरम्मत के लिए उतारकर ले गया था, लेकिन आज तक उन्हें दोबारा लगाकर चालू नहीं किया गया।

पूरी कॉलोनी में अंधेरा

इस संबंध में कई बार शिकायतें करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। कॉलोनीवासियों ने बताया कि रात के समय पूरी कॉलोनी में अंधेरा छाया रहता है, जिसके चलते लोगों में असुरक्षा का माहौल है। उनका आरोप है कि अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी और लूटपाट जैसी कई वारदातें भी हो चुकी हैं।

लोगों ने प्रशासन और नगर निगम से जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइटें ठीक करवाकर दोबारा लगाने की मांग की है। समस्या का जायजा लेने के लिए आज पूर्व विधायक राजिंदर बेरी मौके पर पहुंचे। इस दौरान कॉलोनीवासियों ने उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत करवाया और बताया कि करीब एक साल पहले मरम्मत के नाम पर उतारी गई स्ट्रीट लाइटें अभी तक वापस नहीं लगाई गई हैं।

राजिंदर बेरी ने पंजाब सरकार पर साधा निशाना

इस मौके पर पूर्व विधायक राजिंदर बेरी ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने में भी विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि शहर में कई जगह सीवरेज व्यवस्था ठप है, कहीं लोगों को दूषित पानी मिल रहा है और कई इलाकों में स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं।

राजिंदर बेरी ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर लोग आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सूर्या एन्क्लेव की स्ट्रीट लाइटों की समस्या का जल्द समाधान करवाने की मांग की।

इस अवसर पर बलजीत सिंह, नरेश शर्मा, सुरिंदर शर्मा, गोरा, पूजा, पंडित संतराम और दीपक शर्मा सहित अन्य कॉलोनीवासी मौजूद रहे।