Skip to content

Punjab News: AAP कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्कामुक्की, सिसोदिया और पंजाब के 2 मंत्री हिरासत में लिए गए

चंडीगढ़ में SIR के विरोध में AAP नेताओं ने राज्य चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। मनीष सिसोदिया समेत सैकड़ों नेताओं को हिरासत में लेने के बाद करीब दो घंटे में रिहा कर दिया गया।

Punjab News: AAP कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्कामुक्की, सिसोदिया और पंजाब के 2 मंत्री हिरासत में लिए गए
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: चंडीगढ़ में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

इस दौरान पार्टी नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। पुलिस ने मनीष सिसोदिया, पंजाब के मंत्री हरपाल सिंह चीमा, मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां समेत सैकड़ों नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। हालांकि, करीब दो घंटे बाद सभी नेताओं को रिहा कर दिया गया।

चुनाव आयोग कार्यालय का घेराव करने निकले AAP नेता

जानकारी के मुताबिक, AAP नेता और कार्यकर्ता सुबह करीब 10 बजे रोष मार्च निकालते हुए राज्य चुनाव आयोग के कार्यालय का घेराव करने के लिए आगे बढ़े। पुलिस ने पहले से ही बैरिकेडिंग कर रास्ता रोक रखा था। प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्कामुक्की होने लगी।

यह भी पढ़ें: पंजाब में 3000 करोड़ के GST घोटाले का पर्दाफाश, लोहा कारोबारियों समेत CA का नाम आया सामने

इसके बाद पुलिस ने दोपहर करीब 12 बजे मनीष सिसोदिया, हरपाल सिंह चीमा, हरदीप सिंह मुंडियां समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। सभी को बसों में बैठाकर सेक्टर-17 पुलिस स्टेशन ले जाया गया। करीब दोपहर 2 बजे सभी नेताओं को छोड़ दिया गया। प्रदर्शन के दौरान AAP कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की।

मनीष सिसोदिया ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की

प्रदर्शन के दौरान मनीष सिसोदिया ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कहने पर देश के मतदाताओं के साथ गद्दारी की है।

सिसोदिया ने कहा कि देश के युवा और मतदाता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाने और उनके इस्तीफे की मांग की। ये आरोप सिसोदिया ने प्रदर्शन के दौरान लगाए।

युवाओं के प्रदर्शन को रोकने का लगाया आरोप

मनीष सिसोदिया ने कहा कि देशभर से युवा ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जंतर-मंतर पहुंच रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के प्रदर्शन को रोकने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा रही है।

सिसोदिया के मुताबिक, युवाओं के विरोध-प्रदर्शन को रोकने के लिए इतने बड़े स्तर पर ताकत का इस्तेमाल पहले देखने को नहीं मिला। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में भी युवा मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और आम आदमी पार्टी उनके साथ खड़ी है।

SIR को लेकर राजनीतिक टकराव तेज

SIR यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया है। इसे लेकर आम आदमी पार्टी ने विरोध जताते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई है। चंडीगढ़ में हुए इस प्रदर्शन के दौरान हिरासत, नारेबाजी और पुलिस की बैरिकेडिंग के चलते राजनीतिक माहौल गरमाया रहा।