डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: चंडीगढ़ के सेक्टर-46 में पुलिस बीट बॉक्स के सामने दुकानदार से गन पॉइंट पर स्विफ्ट डिजायर कार लूटकर फरार हुए चार आरोपियों को हरियाणा के पलवल में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों और पुलिस के बीच KMP एक्सप्रेसवे के पास मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पलवल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपी पंजाब के पटियाला जिले के बरवाला क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
KMP एक्सप्रेसवे के पास पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़
पलवल पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम से KMP एक्सप्रेसवे पर एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार के घूमने की सूचना मिली थी। बताया गया कि कार में कुछ संदिग्ध लोग सवार हैं। इसके बाद क्राइम ब्रांच CIA की टीम ने कार का पीछा करना शुरू किया। पुलिस को पीछे आता देख आरोपियों ने KMP एक्सप्रेसवे से उतरकर नेशनल हाईवे-19 पर मथुरा से दिल्ली की ओर जाने का रास्ता लिया।
बाद में उन्होंने गदपुरी थाना क्षेत्र के पृथला गांव के पास छपरौला के जंगलों की तरफ कार मोड़ दी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने जंगल से करीब पांच किलोमीटर आगे खेतों में पहुंचकर खुद को घिरा हुआ पाया। इस दौरान उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें दो आरोपियों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने चारों को मौके पर काबू कर लिया।
दो बदमाशों के पैर में लगी गोली
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपियों की पहचान पटियाला जिले के बरवाला क्षेत्र के हाथी नगला निवासी लकी और मूल रूप से नेपाल के नौरंगढ़ निवासी रोशन आचार्य के रूप में हुई है। दोनों फिलहाल बरवाला में रह रहे थे।
पुलिस ने बताया कि लकी और रोशन के खिलाफ पंजाब में NDPS और मारपीट से जुड़े करीब छह मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। मौके से पकड़े गए अन्य दो आरोपियों की पहचान बरवाला निवासी सन्नी और खुशप्रीत के रूप में हुई है।
घायल आरोपियों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पलवल में भर्ती कराया गया है। पुलिस चारों से पूछताछ कर रही है ताकि वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके।
चंडीगढ़ में दुकानदार से गन पॉइंट पर लूटी थी कार
यह वारदात गुरुवार रात करीब 11:15 बजे चंडीगढ़ के सेक्टर-46 में हुई थी। बुड़ैल निवासी मोहन यहां अंडे, ब्रेड और दूध की दुकान चलाते हैं। उनकी दुकान पुलिस बीट बॉक्स के ठीक सामने है।
मोहन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह रात को अपनी स्विफ्ट डिजायर कार में सामान रख रहे थे। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे। एक युवक ने पिस्टल दिखाकर उन्हें डराया, जबकि दूसरा कार की ड्राइविंग सीट पर बैठ गया। इससे पहले कि दुकानदार कुछ समझ पाते, दोनों आरोपी कार लेकर फरार हो गए।
दुकानदार ने किया था पीछा, लेकिन आरोपी भाग निकले
वारदात के बाद मोहन ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपियों का पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वे भागने में सफल रहे। दुकानदार ने शिकायत में आरोप लगाया था कि वारदात के समय पुलिस बीट बॉक्स पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था और वहां ताला लगा हुआ था।
शुक्रवार देर रात लूटी गई कार जीरकपुर से बरामद हुई थी। अब पलवल में पुलिस मुठभेड़ के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।