Skip to content

Punjab News: स्वास्थ्य मंत्री ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के दिए निर्देश

Punjab News: स्वास्थ्य मंत्री ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के दिए निर्देश
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, चंडीगढ़/गुरदासपुर। Punjab News: गुरदासपुर (Gurdaspur) के जिला अस्पताल बब्बरी में बीती रात हुई हिंसा की घटना पर तुरंत संज्ञान लेते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। डिप्टी कमिश्नर गुरदासपुर श्री दलविंदरजीत सिंह (आईएएस), एसएसपी श्री आदित्य (आईपीएस) और सिविल सर्जन डॉ. प्रभजोत कौर कलसी ने आज जिला अस्पताल का दौरा कर स्थिति का जायज़ा लिया।

यह भी पढ़ें: कनाडा सरकार ने एक्सप्रेस एंट्री में किया गया बदलाव, पंजाबियों पर पड़ेगा असर

घटना को गंभीरता से लेते हुए, पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह (Dr. Balbir Singh) ने कहा कि अस्पताल एक शांतिपूर्ण स्थान है और इसके परिसर में किसी भी प्रकार की हिंसा, झगड़े या तोड़फोड़ को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Dr. Balbir Singh gave instructions to civil surgeons to ensure this
Dr. Balbir Singh

अस्पताल के प्रोटोकॉल का गंभीर उल्लंघन

उन्होंने कहा कि किसी भी मेडिकल कर्मी के विरुद्ध हिंसा अथवा अस्पताल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाना गैर-जमानती अपराध है और यह अस्पताल के प्रोटोकॉल का गंभीर उल्लंघन है। उन्होंने जिला प्रशासन को दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने कहा कि झगड़ा करने वाले व्यक्तियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उन पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि दोषियों को अस्पताल को हुए नुकसान की भरपाई दस गुना करनी होगी। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों से घटना की जानकारी ली और सुरक्षा के प्रति भरोसा दिलाया।

छापेमारी जारी

एसएसपी श्री आदित्य ने बताया कि झगड़े में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन पर पंजाब प्रोटेक्शन ऑफ़ मेडिकेयर सर्विस पर्सन्स एंड मेडिकेयर सर्विस इंस्टीट्यूशंस (प्रिवेंशन ऑफ़ वायलेंस एंड डैमेज टू प्रॉपर्टी) एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि यह झगड़ा दो पक्षों के बीच हुआ था, लेकिन किसी डॉक्टर या स्टाफ को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। अस्पताल को हुए नुकसान के अनुसार संबंधित धाराएं जोड़ी गई हैं और सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पतालों में किसी भी तरह का हंगामा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सिविल सर्जन डॉ. प्रभजोत कौर कलसी ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब झगड़े में शामिल एक पक्ष इलाज के लिए जिला अस्पताल बब्बरी (गुरदासपुर) पहुंचा और उसी दौरान दूसरा पक्ष भी अस्पताल में आकर झगड़ा करने लगा। इस दौरान अस्पताल की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है।

Watch on Daily Samvad