डेली संवाद, नई दिल्ली।
Gold Silver Price Today: सोना और चांदी खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में मंगलवार को कीमती धातुओं की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। मजबूत अमेरिकी डॉलर और ब्याज दरों को लेकर बढ़ी चिंताओं के चलते सोने और चांदी दोनों पर दबाव देखने को मिला। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा गिरावट निवेशकों और ज्वेलरी खरीदने वालों के लिए अच्छा अवसर साबित हो सकती है।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 3,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक गिरकर 1,49,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) पर पहुंच गया। यह पिछले लगभग तीन महीनों का सबसे निचला स्तर माना जा रहा है। इससे पहले मार्च के अंत में सोने के दाम इसी स्तर के आसपास देखे गए थे।
चांदी में बड़ी गिरावट
वहीं चांदी की कीमतों में और भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। चांदी 10,500 रुपये प्रति किलोग्राम टूटकर 2,35,000 रुपये प्रति किलो पर आ गई। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार यह दो महीने से अधिक समय का निचला स्तर है। कीमतों में आई इस बड़ी गिरावट ने व्यापारियों और निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ जिंस विश्लेषक सौमिल गांधी के मुताबिक, मजबूत डॉलर और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें ऊंची रखने की संभावना ने सोने-चांदी पर दबाव बढ़ा दिया है। निवेशक अब फेड की अगली नीति बैठक और ब्याज दरों से जुड़े संकेतों का इंतजार कर रहे हैं।
[caption id="attachment_13141" align="aligncenter" width="1200"]
Gold-Silver Price[/caption]
बिकवाली बढ़ गई
कोटक सिक्योरिटीज की एवीपी (कमोडिटी रिसर्च) कायनात चैनवाला का कहना है कि अमेरिका-ईरान वार्ता में प्रगति की खबरों के कारण कुछ समय के लिए बाजार में तेजी देखने को मिली थी, लेकिन बाद में निवेशकों का फोकस फिर से ब्याज दरों पर लौट आया, जिससे बिकवाली बढ़ गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे हैं। हाजिर सोना 70 डॉलर से अधिक टूटकर 4,121 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गया, जबकि चांदी में 4 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि डॉलर मजबूत बना रहता है तो आने वाले दिनों में कीमती धातुओं में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।