डेली संवाद, नई दिल्ली।
Sapna Choudhary News: हरियाणवी डांसर और सिंगर सपना चौधरी की निजी जिंदगी एक बार फिर सुर्खियों में है। सपना ने अपने पति और हरियाणवी गायक-अभिनेता वीर साहू के खिलाफ घरेलू हिंसा और मारपीट का आरोप लगाते हुए दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट में याचिका दायर की है। कोर्ट ने मामले की शुरुआती सुनवाई में सपना को अंतरिम राहत देते हुए वीर साहू को अगली सुनवाई तक उनके संपर्क में आने, घर या कार्यस्थल पर जाने और किसी भी तरह से परेशान करने से रोक दिया है।
सपना चौधरी ने अदालत में घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि वैवाहिक जीवन के दौरान कई बार उनके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया। सपना का कहना है कि हालात इतने खराब हो गए थे कि उन्हें अपना ससुराल छोड़ना पड़ा। फिलहाल वह दिल्ली के नजफगढ़ स्थित अपने मायके में रह रही हैं।
कोर्ट में पेश किए गए इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य
सपना की ओर से पेश अधिवक्ता प्रीति सिंह ने अदालत में वीडियो, ऑडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी जमा किए हैं। वकील ने दलील दी कि सपना की फिल्म ‘मोमाकू’ जल्द रिलीज होने वाली है और उसका प्रीमियर भी प्रस्तावित है। ऐसे में वीर साहू किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में पहुंचकर हंगामा कर सकते हैं, जिससे सपना की सुरक्षा और पेशेवर जीवन पर असर पड़ सकता है।
मजिस्ट्रेट ने दिए स्पष्ट निर्देश
न्यायिक मजिस्ट्रेट निधि सिंह ने आदेश दिया कि अगली सुनवाई तक वीर साहू किसी भी माध्यम से सपना चौधरी से संपर्क नहीं करेंगे। उन्हें सपना के घर, कार्यस्थल या आसपास जाने से भी रोका गया है।
अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि प्रतिवादी किसी भी प्रकार की घरेलू हिंसा या उत्पीड़न नहीं करेंगे। साथ ही संबंधित प्रोटेक्शन ऑफिसर और स्थानीय थाना प्रभारी (SHO) को अदालत के आदेशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मामले की अगली सुनवाई 25 जुलाई को होगी।
2020 में हुई थी लव मैरिज
सपना चौधरी ने जनवरी 2020 में हिसार जिले के मदनहेड़ी गांव निवासी वीर साहू से लव मैरिज की थी। दोनों हरियाणवी संगीत और मनोरंजन जगत के चर्चित चेहरे हैं। दंपती के दो बेटे हैं।
‘देसी क्वीन’ के नाम से मशहूर हैं सपना
25 सितंबर 1990 को दिल्ली में जन्मी सपना चौधरी ने कम उम्र में ही स्टेज परफॉर्मेंस शुरू कर दी थी। पिता के निधन के बाद उन्होंने परिवार की जिम्मेदारी संभाली और रागनी कार्यक्रमों व हरियाणवी स्टेज शो से लोकप्रियता हासिल की। 2017 में बिग बॉस-11 में भाग लेने के बाद उन्हें राष्ट्रीय पहचान मिली। उन्होंने कई हिट हरियाणवी गानों पर डांस किया है और 20 से अधिक गीतों को अपनी आवाज भी दी है।