Skip to content

Jammu Kashmir News: मानसून के पहले दिन पहाड़ों में आफत, कई जगह बादल फटने से बाढ़; सड़कें बंद, यात्राएं स्थगित

Jammu Kashmir Monsoon Update
Jammu Kashmir Monsoon Update
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper
डेली संवाद, जम्मू। Jammu Kashmir News: दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में दस्तक दे दी। मानसून के पहले ही दिन कई जिलों में भारी बारिश, बादल फटने और अचानक बाढ़ की घटनाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। डोडा, किश्तवाड़, बांडीपोरा, अनंतनाग और कारगिल सहित कई इलाकों में बारिश के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं और संपर्क मार्ग बंद हो गए। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के निदेशक डॉ. मुख्तयार अहमद ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में मानसून पहुंचने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मानसून सामान्य समय के आसपास, यानी 30 जून के करीब, पहुंचा है। प्रशासन ने लोगों से नदियों, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। [caption id="attachment_22517" align="aligncenter" width="1200"] Jammu Kashmir Monsoon Update Jammu Kashmir Monsoon Update[/caption]

बादल फटने से अचानक बाढ़

डोडा जिले के भलेसा क्षेत्र में कालजुगासर और सेरू इलाके में बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई। तेज पानी और मलबे के कारण कई गांवों का सड़क संपर्क टूट गया। वहीं, किश्तवाड़ जिले के सरथल क्षेत्र के गहान और मचीपाल इलाकों में भी बादल फटने की घटनाएं सामने आईं। भारी बारिश और मलबे के कारण राहत एवं बचाव कार्यों में भी दिक्कतें आ रही हैं।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

किश्तवाड़ में खराब मौसम को देखते हुए मचैल यात्रा और मिंधल यात्रा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। कटड़ा-सांझीछत के बीच चलने वाली हेलीकॉप्टर सेवा भी बादल छाए रहने और खराब मौसम के कारण प्रभावित रही। कश्मीर घाटी के बांडीपोरा जिले में गुरेज की तुलैल घाटी के जादीगे नाले के पास बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई। [caption id="attachment_22515" align="aligncenter" width="1200"] Jammu Kashmir Monsoon Update Jammu Kashmir Monsoon Update[/caption]

जंस्कार-कारगिल मार्ग बंद

बाढ़ के कारण किलशेय-जादीगे सड़क को भारी नुकसान पहुंचा है, जबकि किशनगंगा नाले का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। तुलैल के तहसीलदार जावेद अहमद डार ने बताया कि नुकसान का आकलन करने और सड़क बहाली के लिए जल्द टीमें तैनात की जाएंगी। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के लारनू क्षेत्र के गुरिदरमन गांव में भी मूसलाधार बारिश के बाद पानी गांव में घुस गया। स्थानीय स्कूल में मौजूद छात्रों को ग्रामीणों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उधर, कारगिल में शाफत नाले में बाढ़ आने से मलबा सड़क पर जमा हो गया, जिसके कारण जंस्कार-कारगिल मार्ग बंद कर दिया गया। कठुआ जिले में बनी-बसोहली मार्ग भी भूस्खलन के कारण करीब पांच घंटे तक बंद रहा। राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी क्षेत्र से जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।