डेली संवाद, लुधियाना।
Punjab News: लुधियाना में कथित 'मैरिज फ्रॉड' का एक मामला सामने आया है, जिसमें एक परिवार ने अपने बेटे को कनाडा भेजने और वहां स्थायी निवास (PR) दिलाने के वादे पर शादी कराई, लेकिन बाद में उनके साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी होने का आरोप लगाया गया है।
थाना मेहरबान पुलिस ने पीड़ित गुरजीत सिंह की शिकायत पर आरोपी महिला गुरप्रीत कौर और उसके परिवार के खिलाफ धोखाधड़ी व आपराधिक साजिश समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
शादी से पहले भरोसा दिलाया
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने शादी से पहले भरोसा दिलाया था कि विवाह के बाद गुरजीत सिंह के बेटे को कनाडा बुलाकर वहां PR दिलाई जाएगी। इसी भरोसे में पीड़ित परिवार ने आरोपी युवती की कनाडा की पढ़ाई, कॉलेज फीस, रहने की व्यवस्था, हवाई टिकट और अन्य खर्चों पर लाखों रुपये खर्च किए।
आरोप है कि कनाडा पहुंचने के बाद गुरप्रीत कौर ने अपने पति को बुलाने में टालमटोल शुरू कर दी और उसके साथ रहने से इनकार कर दिया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि युवती किसी अन्य व्यक्ति के साथ रह रही थी, जिसकी जानकारी मिलने पर विवाद और बढ़ गया।
बेटे के खिलाफ झूठी शिकायतें दर्ज
पीड़ित परिवार का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी युवती ने उनके बेटे के खिलाफ झूठी शिकायतें दर्ज करवाईं, कनाडा में तलाक का मामला दायर कर दिया और जान से मारने की धमकियां भी दीं। इन घटनाओं से पूरा परिवार मानसिक तनाव और भय के माहौल में है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।