Skip to content

Punjab News: मोहाली DEO कार्यालय के सुपरिंटेंडेंट की मौत पर पुलिस और CM से शिकायत, अधिकारी पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप

Mohali
Mohali
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper
डेली संवाद, मोहाली। Punjab News: जिला शिक्षा कार्यालय (सेकेंडरी शिक्षा) मोहाली में तैनात सुपरिंटेंडेंट मनजीत मसीह की मौत के बाद गंभीर आरोप सामने आए हैं। सेवानिवृत्त शिक्षिका संदीप कौर ने मोहाली के एसएसपी को शिकायत देकर जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी शिक्षा) गिन्नी दुग्गल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कार्यालय में कथित अपमान, धमकियों और मानसिक प्रताड़ना के कारण मनजीत मसीह गहरे तनाव में थे और 22 जून 2026 को उनकी मौत हो गई। शिकायतकर्ता संदीप कौर ने बताया कि वह वर्ष 2024 में जिला शिक्षा कार्यालय मोहाली से शिक्षक पद से सेवानिवृत्त हुई हैं। शिकायत के अनुसार, वह निजी काम से डीईओ कार्यालय गई थीं। इसी दौरान सुपरिंटेंडेंट मनजीत मसीह अपनी स्टेशन लीव मंजूर कराने के लिए डीईओ के कमरे में पहुंचे थे। शिकायत में कहा गया है कि मनजीत मसीह विदेश में रह रही अपनी बेटी से मिलने के लिए छुट्टी की अनुमति मांग रहे थे।

मनजीत मसीह को अपमानित किया

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि छुट्टी की मांग पर अधिकारी ने कथित तौर पर मनजीत मसीह को अपमानित किया, उन्हें विभाग पर बोझ बताया और नौकरी से बाहर करने जैसी बातें कहीं। संदीप कौर का दावा है कि मनजीत मसीह ने विनम्रता से आपत्तिजनक भाषा न बोलने की अपील की, लेकिन कथित रूप से उन्हें दोबारा धमकाया गया और अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया गया।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि जब मनजीत मसीह ने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करने की बात कही तो अधिकारी ने अपनी कथित राजनीतिक पहुंच का हवाला देते हुए उन्हें डराने की कोशिश की। दस्तावेज में कई राजनीतिक नेताओं के नामों का जिक्र भी किया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित अधिकारी की प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

अधिकारी के व्यवहार से परेशान

संदीप कौर ने दावा किया कि कार्यालय के कई कर्मचारी अधिकारी के व्यवहार से परेशान हैं और कथित तौर पर लगातार अपमानजनक भाषा तथा धमकियों का सामना कर रहे हैं। शिकायत में कहा गया है कि इस तरह के व्यवहार से विभाग के कर्मचारियों में मानसिक तनाव बना हुआ है। शिकायत में मनजीत मसीह की 22 जून 2026 को हुई मौत को कार्यालय में हुए कथित अपमान और मानसिक तनाव से जोड़ा गया है। शिकायतकर्ता ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच, कार्यालय कर्मचारियों के बयान दर्ज करने और आरोपों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही आरोपी अधिकारी के तबादले की भी मांग की गई है।

सीएम को भेजी शिकायत

शिकायत की कॉपी पंजाब के मुख्यमंत्री, डीजीपी, शिक्षा मंत्री, विजिलेंस विभाग, पंजाब राज्य मानवाधिकार आयोग, पंजाब राज्य महिला आयोग और स्कूल शिक्षा विभाग को भी भेजी गई है। दस्तावेज में मांग की गई है कि जांच पूरी होने तक संबंधित अधिकारी के खिलाफ आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाए। यह खबर शिकायत पत्र में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले में पुलिस जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और संबंधित अधिकारी का पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी शिक्षा) गिन्नी दुग्गल भी अपना पक्ष हमें भेज सकती है, उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।