Skip to content

Jalandhar News: जालंधर में पलटी सीमेंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, बदहाल सड़क बनी हादसे की वजह

स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क पर करीब 3 फीट तक पानी जमा है, जिसके कारण वाहन चालकों को नीचे मौजूद गड्ढे दिखाई नहीं देते। इसी वजह से आए दिन वाहन हादसों का शिकार हो रहे हैं।

Jalandhar News: जालंधर में पलटी सीमेंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, बदहाल सड़क बनी हादसे की वजह
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर के लंबा पिंड चौक के पास सर्विस रोड पर बुधवार को सीमेंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर जमा पानी और गड्ढों में फंसकर पलट गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क पर करीब 3 फीट तक पानी जमा है, जिसके कारण वाहन चालकों को नीचे मौजूद गड्ढे दिखाई नहीं देते। इसी वजह से आए दिन वाहन हादसों का शिकार हो रहे हैं। बुधवार को भी ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक को पानी के नीचे बने गड्ढे का अंदाजा नहीं हुआ और वाहन पलट गया।

निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा

बताया जा रहा है कि लंबा पिंड चौक से सूच्ची पिंड तक सड़क का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। सड़क पर पाइप डालने का काम भी किया गया था, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका। सड़क की खराब हालत से आसपास के दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।

jal acc.jpg

दुकानदार बलबीर सिंह ने बताया कि निर्माणाधीन सड़क के कारण लोगों और दुकानदारों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। उनका कहना है कि सड़क का काम जल्द पूरा किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और दुकानदार अपना कारोबार सामान्य तरीके से चला सकें।

समस्या का समाधान नहीं

वहीं स्थानीय निवासी गोरा ने बताया कि सड़क की खराब हालत को करीब एक साल हो चुका है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनके अनुसार, प्रशासन की ओर से पानी की निकासी के लिए करवाए गए बोर भी अब बंद हो चुके हैं। कुछ समय पहले इसी तरह के गड्ढे में गिरने से एक महिला की टांग टूटने की घटना भी सामने आ चुकी है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि इस रास्ते का कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं होने के कारण लोग मजबूरी में इसी सड़क से गुजरते हैं। पानी से भरे गड्ढों के कारण हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से सड़क निर्माण और पानी की निकासी का काम जल्द पूरा कराने की मांग की है।