डेली संवाद, मोगा। Punjab News: पंजाब के मोगा (Moga) जिले के बाघापुराना में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।
आरोप है कि एक महिला समेत दो लोगों ने पोस्ट ऑफिस और नर्स की नौकरी लगवाने का झांसा देकर दो परिवारों से 3.20 लाख रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो परिवारों को बनाया ठगी का शिकार
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, बाघापुराना निवासी सुखमंदर सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी किरणदीप कौर को पोस्ट ऑफिस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर आरोपियों ने 1.50 लाख रुपये ले लिए।
वहीं, फरीदकोट जिले के गांव वाड़ा भाई निवासी बलराज सिंह ने शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी को नर्स की नौकरी दिलाने का भरोसा देकर आरोपियों ने 1.70 लाख रुपये की ठगी की।
महिला समेत दो आरोपियों पर केस दर्ज
जांच के बाद पुलिस ने संदीप सिंह उर्फ बाबा (पुत्र हरबंस सिंह, निवासी खाई) और कमलप्रीत कौर (पत्नी सतपाल सिंह, निवासी ठट्टी भाई) के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
दोनों आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।
लेन-देन और दस्तावेजों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है। नौकरी दिलाने के नाम पर हुए पैसों के लेन-देन और तैयार किए गए दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि आरोपियों के खिलाफ मजबूत सबूत जुटाए जा सकें। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।