Skip to content

Punjab News: पंजाब के 3 युवकों को विदेश में किया किडनैप, 70 हजार डॉलर की मांगी फिरौती

युवकों की पहचान राकेश कुमार, सुरेंद्र और अवतार के रूप में हुई है। मामले को लेकर राकेश कुमार के पिता कश्मीर लाल, जो जालंधर के आसपास के एक गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं, ने राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू से संपर्क कर मदद की गुहार लगाई है।

Punjab News: पंजाब के 3 युवकों को विदेश में किया किडनैप, 70 हजार डॉलर की मांगी फिरौती
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: पंजाब के युवकों का विदेश में अपहरण होने की खबर सामने आ रही है। खबर है कि पंजाब के तीन युवकों को इटली की जगह यूगांडा भेजकर वहां अगवा कर लिया गया है।

युवकों के साथ मारपीट

मिली जानकारी के मुताबिक पंजाब के तीन युवकों को इटली भेजने के नाम पर पहले दुबई और फिर अफ्रीकी देश युगांडा ले जाकर बंधक बना लिया गया है। परिजनों का आरोप है कि युवकों के साथ मारपीट की जा रही है और उन्हें छोड़ने के बदले 70 हजार अमेरिकी डॉलर की फिरौती मांगी जा रही है।

पीड़ित युवकों की पहचान राकेश कुमार, सुरेंद्र और अवतार के रूप में हुई है। मामले को लेकर राकेश कुमार के पिता कश्मीर लाल, जो जालंधर के आसपास के एक गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं, ने राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू से संपर्क कर मदद की गुहार लगाई है।

इटली भेजने का किया था वादा

परिवार के मुताबिक युवकों को विदेश भेजने के लिए एक एजेंट के माध्यम से करीब साढ़े 9 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। आरोप है कि एजेंट ने रकम पहले ही ले ली थी। इसके बाद युवकों को इटली भेजने के बजाय दुबई और फिर अफ्रीका के रास्ते युगांडा पहुंचाया गया।

परिजनों का दावा है कि वहां पहुंचने के बाद युवकों को कथित तौर पर एक गिरोह के कब्जे में दे दिया गया। परिवारों के मुताबिक युवकों से संपर्क होने के बाद उन्हें अपनी स्थिति के बारे में जानकारी मिली और इसके बाद उनसे बड़ी रकम की मांग की गई।

पाकिस्तानी लोगों से जुड़े होने का आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवकों को जिन लोगों ने बंधक बनाया है, उनका संबंध पाकिस्तान से बताया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। परिवारों ने सरकार से युवकों को सुरक्षित वापस लाने के लिए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

सांसद ने भरोसा दिया

सांसद सतनाम सिंह संधू ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि उन्होंने पीड़ित परिवार से जानकारी प्राप्त की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि युवकों की सुरक्षित वापसी के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

संधू ने कहा कि वह इस मामले को केंद्रीय विदेश मंत्रालय और पंजाब के डीजीपी के समक्ष उठाएंगे, ताकि संबंधित एजेंसियों के माध्यम से युवकों की लोकेशन और स्थिति का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई की जा सके।

अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी गिरोह की आशंका

परिजनों का आरोप है कि युवकों को विदेश भेजने के नाम पर एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के जरिए एक देश से दूसरे देश ले जाया गया। परिवारों का कहना है कि एजेंट को पूरी रकम पहले ही दी जा चुकी थी, इसके बावजूद युवकों को इटली नहीं पहुंचाया गया।

सांसद संधू ने भी मामले में संभावित अंतरराष्ट्रीय गिरोह की भूमिका की जांच की जरूरत बताई है। उन्होंने कहा कि पंजाब से युवाओं को विदेश भेजने के नाम पर इस तरह के नेटवर्क द्वारा कथित तौर पर निशाना बनाए जाने की जांच होनी चाहिए।