Skip to content

Ujjain Shahi Masjid: उज्जैन में मस्जिद का हिस्सा हटाने पर बवाल: पथराव के बाद पुलिस ने छोड़ी आंसू गैस, महिला TI घायल

मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ को लेकर सड़क चौड़ीकरण के लिए शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने के विरोध में सोमवार सुबह प्रदर्शन उग्र हो गया।

Ujjain Shahi Masjid: उज्जैन में मस्जिद का हिस्सा हटाने पर बवाल: पथराव के बाद पुलिस ने छोड़ी आंसू गैस, महिला TI घायल
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, उज्जैन। Ujjain Shahi Masjid: मध्य प्रदेश (MP) के उज्जैन में सिंहस्थ को लेकर सड़क चौड़ीकरण के लिए शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने के विरोध में सोमवार सुबह प्रदर्शन उग्र हो गया। विरोध के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे।

वहीं, मुस्लिम महिलाओं ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। जानकारी के मुताबिक, टंकी चौराहे पर 100 से ज्यादा लोग जुट गए। कुछ प्रदर्शनकारियों ने मस्जिद परिसर की ओर जाने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ने पर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

सड़क चौड़ीकरण को लेकर विवाद

पुलिस की कार्रवाई के बावजूद कुछ युवकों द्वारा पथराव किए जाने की जानकारी सामने आई है। उज्जैन में कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब 900 मीटर सड़क को 15 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। इसी सड़क चौड़ीकरण की जद में शाही मस्जिद का हिस्सा भी आ रहा है।

मस्जिद को फिलहाल ग्रीन नेट से ढंक दिया गया है। मामले को लेकर सोमवार को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में सुनवाई भी होनी है। इसी बीच सड़क पर विरोध प्रदर्शन तेज हो गया।

मुस्लिम महिलाओं ने किया चक्काजाम

शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने के विरोध में मुस्लिम महिलाओं ने नाका नंबर-5 पर चक्काजाम कर दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर बैठ गईं। इसके चलते यातायात प्रभावित हुआ।

यह भी पढ़ें: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से रेप! गुस्साए छात्रों ने किया जमकर हंगामा, आगजनी

पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाकर सड़क से हटाने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ महिलाएं आगे बढ़ने लगीं, जिसके बाद महिला पुलिस बल को भी मौके पर लगाया गया।

महिलाओं को हटाने के दौरान महिला TI घायल

लॉ एंड ऑर्डर ड्यूटी के दौरान क्राइम ब्रांच में पदस्थ थाना प्रभारी पुष्पा पांचाल घायल हो गईं। पुलिस के मुताबिक, विरोध कर रही महिलाओं को सुरक्षित तरीके से हटाने के दौरान पुलिसकर्मी चादर की आड़ में मौजूद महिलाओं के बीच पहुंचे।

इसी दौरान चादर के कोने से महिला TI पुष्पा पांचाल के हाथ में कट लग गया। उनके हाथ में पट्टी बांधी गई और मौके पर ही फर्स्ट एड दिया गया।

TI पुष्पा पांचाल ने बताई पूरी घटना

पुष्पा पांचाल ने बताया कि महिलाओं को हटाने के दौरान वे चादर की आड़ में थीं। इसी दौरान चादर के कोने से उनके हाथ में चोट लग गई।

उन्होंने कहा कि किसी महिला को चोट नहीं आई और सभी महिलाएं सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि लॉ एंड ऑर्डर ड्यूटी पुलिस की जिम्मेदारी का हिस्सा है और इसी के तहत पुलिस मौके पर कार्रवाई कर रही थी।

मौके पर भारी पुलिस बल तैनात

उज्जैन में स्थिति को देखते हुए संवेदनशील इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। सड़क चौड़ीकरण और शाही मस्जिद को लेकर मामला अब हाईकोर्ट की सुनवाई से भी जुड़ा हुआ है।