डेली संवाद, जम्मू-कश्मीर।
Flash Floods In Jammu-Kashmir: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ और डोडा जिले में सोमवार को भारी बारिश के बाद अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। तेज बहाव के साथ आए पानी और मलबे ने 540 मेगावाट क्वार जलविद्युत परियोजना के टीआरटी क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।
बाढ़ की वजह से कई जगहों पर लैंडस्लाइड भी हुआ है। इस भूस्खलन के कारण इलाके में खड़ी कई गाड़ियां भारी मलबे की चपेट में आकर उसके नीचे दब गई हैं। भूस्खलन की इस चपेट में आने से कई वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है और वे अब भी मलबे के नीचे फंसी हुई हैं।
जनहानि की पुष्टि नहीं
हालांकि, फिलहाल किसी जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां नुकसान का आकलन करने में जुटी हैं। वहीं लगातार बारिश के कारण प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। प्रभावित इलाकों में हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
भारी बारिश और फ्लैश फ्लड के कारण किश्तवाड़-डोडा सड़क को एहतियातन बंद कर दिया गया है, जिससे दोनों जिलों के बीच यातायात प्रभावित हो गया है। प्रशासन, पुलिस और राहत एजेंसियों की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य चला रही हैं। सड़क से मलबा हटाने और यातायात बहाल करने के प्रयास जारी हैं।
मौसम के बिगड़े मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने किश्तवाड़ और आसपास के इलाकों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। सुरक्षा के मद्देनजर अधिकारियों ने सभी स्थानीय निवासियों और तीर्थयात्रियों से सतर्क रहने की अपील की है।