डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: पंजाब में जिम ट्रेनर द्वारा युवती से अश्लील हरकतें करने की खबर सामने आ रही है खबर है कि चंडीगढ़ में युवती से जिम ट्रेनर ने छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें की।
आरोपी ट्रेनर के खिलाफ मामला दर्ज
मिली जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़ के सेक्टर-39 क्षेत्र में एक जिम ट्रेनर पर युवती से कथित छेड़छाड़ और अशोभनीय हरकत करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी ट्रेनर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद हुए विवाद में बीजेपी चंडीगढ़ की जिलाध्यक्ष रेखा सूद का नाम भी चर्चा में आया है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब दो महीने से अपनी बड़ी बहन के साथ जिम जा रही थी। बुधवार शाम भी दोनों रोज की तरह जिम पहुंचीं। आरोप है कि जिम ट्रेनर ने बड़ी बहन को ऊपर वाले फ्लोर पर एक्सरसाइज के लिए भेज दिया, जबकि छोटी बहन को नीचे स्ट्रेचिंग कराने के लिए रोक लिया।
बिना सीसीटीवी वाली जगह लेकर गया आरोपी
शिकायत के अनुसार, स्ट्रेचिंग के बहाने ट्रेनर उसे जिम के ऐसे हिस्से में ले गया, जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। वहां उसने कथित तौर पर बिना सहमति के युवती को गलत तरीके से छुआ और उसके साथ अश्लील हरकत की।
घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर सेक्टर-39 थाना पुलिस ने आरोपी जिम ट्रेनर दीपक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
परिवार ने दबाव बनाने का लगाया आरोप
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद जब वे जिम पहुंचे तो कुछ देर बाद बीजेपी चंडीगढ़ की जिलाध्यक्ष रेखा सूद भी वहां पहुंचीं। परिवार का दावा है कि उन्होंने आरोपी ट्रेनर का पक्ष लिया और शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाने की कोशिश की। परिजनों का कहना है कि उन्हें धमकाने जैसी बातें भी कही गईं।
रेखा सूद ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
वहीं बीजेपी चंडीगढ़ की जिलाध्यक्ष रेखा सूद ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि वह कई वर्षों से उसी जिम में जाती हैं और आरोपी ट्रेनर को जानती हैं, लेकिन उन्होंने कभी किसी का पक्ष नहीं लिया।