डेली संवाद जालंधर Jalandhar News: जालंधर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और जिला कांग्रेस कमेटी शहरी के अध्यक्ष रजिंदर बेरी ने आज सुबह सिविल अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर पंजाब सरकार पर निशाना साधा।
रजिंदर बेरी ने आरोप लगाया कि सिविल अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट कार्यालय और इमरजेंसी विभाग में कई घंटों से बिजली बंद थी। इसके अलावा मरीजों और उनके परिजनों के लिए पीने के पानी की भी उचित व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इमरजेंसी विभाग की स्थिति बेहद चिंताजनक
उन्होंने कहा कि इमरजेंसी विभाग में इस तरह की स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री पंजाब में स्वास्थ्य क्रांति के बड़े-बड़े दावे करते हैं, वहीं दूसरी तरफ सरकारी अस्पतालों में मूलभूत सुविधाओं की कमी दिखाई दे रही है।
[caption id="attachment_23191" align="aligncenter" width="1200"]
Jalandhar Civil Hospital[/caption]
बेरी ने आरोप लगाया कि सरकार के दावे केवल मंचों पर दिए जाने वाले भाषणों और विज्ञापनों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी स्तर पर आम जनता स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल में इलाज करवाने के लिए बड़ी संख्या में आम लोग आते हैं, लेकिन सुविधाओं की कमी के कारण उन्हें परेशान होना पड़ रहा है।
उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अस्पतालों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा और लोगों की परेशानियों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इमरजेंसी विभाग में बिजली जाने की स्थिति में कोई उचित बैकअप व्यवस्था नहीं है और अस्पताल में जनरेटर की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है।
[caption id="attachment_23192" align="aligncenter" width="1200"]
Jalandhar Civil Hospital[/caption]
इस दौरान उन्होंने पंजाब सरकार से मांग की कि सिविल अस्पताल में बिजली, पानी और अन्य जरूरी सुविधाओं को तुरंत दुरुस्त किया जाए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिल सके।