डेली संवाद, बठिंडा। Punjab News: पंजाब में तहसील परिसर में गोली चलने की खबर सामने आ रही है जिससे वहां अफरा तफरी मच गई। वहीं इस दौरान एक व्यक्ति भी घायल हो गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक बठिंडा के तहसील परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब हथियार का लाइसेंस रिन्यू करवाने के लिए पहुंचे एक व्यक्ति की कमर में लगे हथियार से अचानक गोली चल गई। फायरिंग की चपेट में खुद हथियार धारक आ गया और गोली उसकी जांघ में जा लगी।
कमर पर बंधे हथियार से अचानक फायर
बताया जा रहा है कि व्यक्ति अपने हथियार की जांच करवाने के लिए तहसील परिसर में क्लर्क के पास जा रहा था। इसी दौरान कमर पर बंधे हथियार से अचानक फायर हो गया। गोली लगने से वह घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनते ही तहसील परिसर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने घायल व्यक्ति को तुरंत इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर तहसील परिसर के सुरक्षा गार्डों ने मुख्य दरवाजे बंद कर दिए और कुछ समय के लिए लोगों की आवाजाही रोक दी।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार से अचानक गोली चलने की वजह क्या रही और क्या इस दौरान किसी तरह की लापरवाही हुई थी।