डेली संवाद, हरियाणा। Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत प्रदेश के 50 लाख 4,873 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल रु1,595 करोड़ 50 लाख की राशि ट्रांसफर की। इस दौरान सामाजिक सुरक्षा, महिला कल्याण, किसान सहायता और अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री द्वारा दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 10वीं किस्त के रूप में 9 लाख 98 हजार महिलाओं के खातों में रु209 करोड़ 62 लाख की राशि जारी की गई। वहीं, 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 34 लाख 93 हजार 978 लाभार्थियों को रु1,124 करोड़ 94 लाख का लाभ दिया गया।
रु19 करोड़ 17 लाख की सब्सिडी प्रदान
इसके अलावा दयालु योजना के तहत 6,224 परिवारों के खातों में रु234 करोड़ 77 लाख की राशि ट्रांसफर की गई। ‘हर घर हर गृहिणी योजना’ के तहत 4 लाख 93 हजार 434 महिलाओं को जून महीने की रु19 करोड़ 17 लाख की सब्सिडी प्रदान की गई।
किसानों को भी इस वित्तीय सहायता में शामिल किया गया। हरित खाद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 13,237 किसानों को रु7 करोड़ की राशि जारी की गई। सरकार का कहना है कि इन योजनाओं का उद्देश्य पात्र परिवारों, महिलाओं, बुजुर्गों और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 14 अगस्त को गुरुग्राम में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं, 9 अगस्त से शुरू हुई तिरंगा यात्रा 17 अगस्त तक चलेगी।