डेली संवाद, हरियाणा। Haryana News: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र में कानून-व्यवस्था पर लाए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव का जवाब देते हुए कहा, “प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर चर्चा अवश्य होनी चाहिए, लेकिन यह चर्चा तथ्यों पर आधारित हो। किसी पीड़ित के आंसू पोंछने से पहले राजनीतिक अवसर तलाशना दुर्भाग्यपूर्ण है।”
उन्होंने पूर्ववर्ती शासनकाल की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने व्यवस्था में बदलाव कर युवाओं को बिना खर्ची-बिना पर्ची रोजगार दिया और उनका आत्मविश्वास बढ़ाया है।
सीएम ने कहा कि "प्रदेश में तत्काल सहायता के लिए 10 आपातकालीन सेवाओं को डायल-112 से जोड़कर 630 वाहन तैनात किए गए हैं तथा 250 नए इमरजेंसी रिस्पांस वाहनों की खरीद को स्वीकृति दी गई है। विशेष अभियान के तहत 4,771 अपराधियों को गिरफ्तार कर 216 हथियार बरामद किए गए। सरकार का लक्ष्य केवल गिरफ्तारी नहीं, बल्कि मजबूत साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों को न्यायालय से सजा दिलाना है।"