डेली संवाद, मानव/अमृतसर।
Punjab News: पंजाब (Punjab) में अश्लील तस्वीरों के विवाद और हाल ही में एक पॉडकास्ट में दिए गए बयानों के बाद निहंग जसदीप सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। बुड्ढा दल की ओर से एक नया वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर साझा किया गया है, जिसमें जसदीप सिंह को धार्मिक दंड दिए जाने का दावा किया गया है। वीडियो में उन्हें जंजीरों से बांधकर कुछ निहंगों द्वारा डंडों से मारते हुए देखा जा सकता है।
इस दौरान हर प्रहार के साथ उनसे “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह” का जयकारा भी लगवाया जा रहा है। वीडियो में जसदीप सिंह दर्द के बीच “हाय बाबा जी” कहते हुए भी सुनाई दे रहे हैं। यह वीडियो बुड्ढा दल के दोआबा जोन के जत्थेदार मान सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया। उन्होंने दावा किया कि इससे पहले सुनाई गई धार्मिक सजा के दौरान जसदीप सिंह बीच में ही वहां से चले गए थे और उन्हें अब तक किसी प्रकार की औपचारिक माफी नहीं दी गई थी।
निहंगों का पारंपरिक बाणा पहनने पर रोक
इसी कारण उन्हें दोबारा धार्मिक अनुशासन के तहत दंड दिया गया है। बुड्ढा दल के अनुसार, जसदीप सिंह पर अगले आदेश तक निहंगों का पारंपरिक बाणा पहनने पर भी रोक लगा दी गई है। संगठन का कहना है कि जब तक बड़े बाबा की ओर से आगे का आदेश जारी नहीं होता, तब तक वह निहंग बाणा धारण नहीं कर सकेंगे। वहीं, सजा के दौरान जसदीप सिंह ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि अब वह अपनी सजा बीच में छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे और पंथ के हर आदेश का पालन करेंगे।
वीडियो में जसदीप सिंह यह कहते हुए भी दिखाई देते हैं कि यदि भविष्य में वह पंथ के आदेशों की अवहेलना करते हैं या यहां से चले जाते हैं, तो इसके लिए पंथ जिम्मेदार नहीं होगा। उन्होंने कहा कि अब वह बड़े बाबा के निर्देशों के अनुसार ही जीवन व्यतीत करेंगे और जैसा आदेश मिलेगा, वैसा ही करेंगे।
उन्हें दोबारा धार्मिक दंड दिया
जत्थेदार मान सिंह ने कहा कि जसदीप सिंह को पहले माफ नहीं किया गया था, बल्कि उन्हें पंथ की सेवा करने के लिए कहा गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में किए गए एक पॉडकास्ट में जसदीप सिंह ने यह दावा किया कि उन्हें बुड्ढा दल ने माफ कर दिया है, जबकि ऐसा नहीं था। मान सिंह के अनुसार, पॉडकास्ट और पहले किए गए कथित कृत्य—दोनों को आधार बनाकर उन्हें दोबारा धार्मिक दंड दिया गया है।
एक अन्य निहंग ने भी वीडियो में कहा कि जसदीप सिंह को पहले भी धार्मिक सजा मिल चुकी थी, लेकिन पॉडकास्ट में दिए गए बयानों के बाद दोबारा कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि दंड के तहत जसदीप सिंह को बर्तन साफ करने सहित अन्य सेवा कार्य करने होंगे। साथ ही उन्होंने अपील की कि धार्मिक सम्मान और फरले केवल उन लोगों को दिए जाने चाहिए, जिन्होंने वास्तव में पंथ की सेवा की हो, न कि केवल प्रसिद्धि या आर्थिक लाभ के लिए।
[caption id="attachment_13358" align="aligncenter" width="1200"]
Social Media[/caption]
सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल
गौरतलब है कि इस पूरे विवाद की शुरुआत उस समय हुई थी, जब निहंग विक्की थॉमस ने सोशल मीडिया पर कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें साझा की थीं। इन तस्वीरों में उन्होंने दावा किया कि निहंग जसदीप सिंह एक अन्य निहंग के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रहे हैं। इसके साथ ही थॉमस ने एक वीडियो कॉल का हिस्सा भी साझा किया, जिसमें कथित तौर पर जसदीप सिंह ने तस्वीरों को अपना बताते हुए कहा था कि उस समय वह नशे की हालत में थे। इन घटनाओं के बाद यह मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है और सोशल मीडिया पर इससे जुड़े वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।