डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात कर पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्याकांड में दोषी ठहराए गए जगतार सिंह हवारा की पैरोल का मुद्दा उठाया। मुख्यमंत्री ने हवारा की मां की खराब सेहत का हवाला देते हुए मानवीय आधार पर उसे पैरोल देने की मांग की।
10 दिन की मांगी पैरोल
सीएम मान के मुताबिक, पंजाब सरकार ने हवारा के लिए 10 दिन की पैरोल मांगी है। उन्होंने कहा कि हवारा फिलहाल दिल्ली की जेल में बंद है और उसकी पैरोल से जुड़ा फैसला संबंधित स्तर पर लिया जाना है।
मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को भरोसा दिलाया कि पैरोल के दौरान पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी तरह की हुड़दंगबाजी या नारेबाजी को रोकने के लिए पूरी तरह तैयार है।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा
भगवंत मान ने यह भी बताया कि हवारा की पैरोल की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे संगठनों की ओर से भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद हवारा को अपनी बीमार मां से मिलने का मौका मिल सकता है।
वहीं, राजनीतिक जानकार इस कदम को पंजाब में पंथक वोट बैंक से जोड़कर भी देख रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि पैरोल के लिए सरकार की ओर से सिफारिश और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की गारंटी पंथक वर्ग के बीच सकारात्मक संदेश देने की कोशिश हो सकती है।