डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab Weather News: पंजाब में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कुछ जिलों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। बुधवार को पंजाब के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है, जबकि 14 और 15 अगस्त को भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
कई जिलों में छाए रहे बादल
इससे पहले मंगलवार को पंजाब के विभिन्न जिलों में दिनभर बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलती रहीं। पिछले 24 घंटों के दौरान पठानकोट, रूपनगर और मोहाली में बारिश दर्ज की गई।
पठानकोट के थीन डैम में सबसे अधिक 46 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। इसके अलावा केवीके पठानकोट में 18 मिलीमीटर, भाखड़ा डैम (रूपनगर) में 5.5 मिलीमीटर और मोहाली में 1 मिलीमीटर बारिश हुई। चंडीगढ़ में 2.5 मिलीमीटर, जबकि चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर 4.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
तापमान में भी गिरावट
बारिश और बादल छाए रहने के कारण पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 2.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। यह तापमान सामान्य से करीब 2.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं, बठिंडा में दिन का सबसे अधिक तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून सक्रिय है और आने वाले दिनों में पंजाब के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। 14 और 15 अगस्त को कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।